बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जनसहायता शिविर का सफल आयोजन: जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त एवं सचिव सिमरनजीत कौर के मार्गदर्शन में डीएलएसए की पहल, ग्राम इक्कड़ कलां में 60-दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत लगा विशाल विधिक एवं स्वास्थ्य शिविर; ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान…

तनवीर अली हरिद्वार।

बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जनसहायता शिविर का सफल आयोजन: जनपद न्यायाधीश श्री नरेंद्र दत्त एवं सचिव सिमरनजीत कौर के मार्गदर्शन में डीएलएसए हरिद्वार की पहल,

ग्राम इक्कड़ कलां में 60-दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत लगा विशाल विधिक एवं स्वास्थ्य शिविर; ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

​हरिद्वार (विशेष संवाददाता)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UKSLSA) के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), हरिद्वार के तत्वावधान में 60-दिवसीय मेगा ड्राइव (चरण-1) के अंतर्गत ग्राम इक्कड़ कलां, ब्लॉक बहादराबाद में एक विशाल बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता, जनसहायता एवं स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करना है।

​दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

​कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष डीएलएसए श्री नरेंद्र दत्त, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भुल्लर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

​इस अवसर पर परिवार न्यायालय रुड़की के न्यायाधीश श्री बी. बी. पाण्डेय ने कहा कि जिले के सभी न्यायिक अधिकारी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, जिससे न्यायपालिका के प्रति जनविश्वास सुदृढ़ हुआ है।

​सुरक्षा एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूकता

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भुल्लर ने महिला एवं बालिका सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने आपातकालीन नंबर 112, वूमेन हेल्पलाइन 1090 और साइबर धोखाधड़ी से बचाव हेतु हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी तथा नए आपराधिक कानूनों व सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत है।

​विभिन्न विभागों के स्टॉल पर ऑन-द-स्पॉट सेवाएं

​शिविर में स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह की देखरेख में सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर निःशुल्क दवाइयां बांटी गईं। समाज कल्याण, राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों के राशन कार्ड, पेंशन, विभिन्न प्रमाण-पत्र तथा परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने जैसे आवश्यक दस्तावेज तैयार कराए गए।

​न्याय को अंतिम पायदान तक पहुंचाना ही संकल्प: जनपद न्यायाधीश

​अध्यक्षीय संबोधन में जनपद न्यायाधीश श्री नरेंद्र दत्त ने कहा, “समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की चौखट तक न्याय पहुंचाना ही विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य संकल्प है।” उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के तहत मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा की प्रमुख योजनाओं—शिक्षा योजना 2026, स्पृहा (SPRUHA) योजना, मानव-वन्यजीव संघर्ष सहायता योजना, वीर परिवार सहायता योजना एवं ‘आशा’ (ASHA) SOP की विस्तृत जानकारी दी।

​आभार व्यक्त

​कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), हरिद्वार की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों एवं ग्रामवासियों का सफल आयोजन हेतु धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। यह 60-दिवसीय अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिसमें पीएलवी (PLVs) घर-घर जाकर पात्र लोगों की पहचान करेंगे।

You may have missed