कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का आगाज: जूना अखाड़े के रमता पंचों का भव्य नगर प्रवेश, पुष्पवर्षा, बैंड-बाजे और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच चंडी चौक पर हुआ स्वागत, 1 दिसंबर को भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी को निकलेगी पेशवाई…

तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का आगाज: जूना अखाड़े के रमता पंचों का भव्य नगर प्रवेश, पुष्पवर्षा, बैंड-बाजे और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच चंडी चौक पर हुआ स्वागत, 1 दिसंबर को भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी को निकलेगी पेशवाई…

  • पुष्पवर्षा, बैंड-बाजे और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच चंडी चौक पर हुआ स्वागत
  • 1 दिसंबर को भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी को निकलेगी पेशवाई

​हरिद्वार, 24 नवंबर (संवाददाता)।

हरिद्वार कुंभ-2027 की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों का मंगलवार शाम श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात के नगर प्रवेश के साथ औपचारिक शुभारंभ हो गया। कुंभ नगरी पहुंचने पर चंडी चौक पर बैंड-बाजे की मंगल ध्वनि, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच रमता पंचों का भव्य स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक साक्षी बने।

​चंडी चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में मेला प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रा की अगुवाई कर रहे जूना अखाड़े के धार्मिक प्रतीकों, रमता पंचों तथा जमात में शामिल संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार व दयानंद सरस्वती तथा उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह शामिल रहे।

​इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरी जी, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी जी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती जी, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती जी और महामंत्री केदार पुरी जी सहित अनेक वरिष्ठ संत व नागा साधु उपस्थित थे।

​छावनी, धर्मध्वजा और पेशवाई की तैयारियां होंगी तेज

​रमता पंच अखाड़े के वरिष्ठ संतों और प्रतिनिधियों का वह समूह है, जो कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक आयोजनों पर परंपराओं के अनुसार विभिन्न स्थानों का भ्रमण करता है। कुंभ में छावनी स्थापना, धार्मिक अनुष्ठानों और परंपरागत गतिविधियों के संचालन में रमता पंचों की अहम भूमिका होती है। आराध्य देवताओं, गुरुजनों और संत-महात्माओं के साथ इनका नगर प्रवेश कुंभ की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है।

​रमता पंचों के आगमन के साथ ही कुंभ क्षेत्र में छावनी स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियों में तेजी आएगी। आगामी दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं के अनुरूप धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ करेंगे, जिससे कुंभ क्षेत्र में संतों और अखाड़ों की उपस्थिति क्रमशः बढ़ेगी। जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुंभ मेला क्षेत्र में छावनी स्थापना के लिए 1 दिसंबर 2026 को भूमिपूजन, 23 दिसंबर 2026 को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।

​परंपराओं के सम्मान के साथ मिलेंगी सभी सुविधाएं: मेलाधिकारी

​स्वागत के दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और संबंधित विभागों के समन्वय से की जा रही हैं। अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की विशिष्ट पहचान हैं और मेला प्रशासन उनका सम्मान करते हुए आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें और हरिद्वार कुंभ को दिव्य व भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।

​कुंभ मेला-2027 की प्रमुख स्नान तिथियां

  • ​14 जनवरी 2027: मकर संक्रांति
  • ​06 फरवरी 2027: मौनी अमावस्या
  • ​11 फरवरी 2027: बसंत पंचमी
  • ​20 फरवरी 2027: माघ पूर्णिमा
  • ​06 मार्च 2027: महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
  • ​08 मार्च 2027: फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
  • ​15 मार्च 2027: देव डोलियों का अमृत स्नान
  • ​07 अप्रैल 2027: नव संवत्सर
  • ​14 अप्रैल 2027: मेष संक्रांति (अमृत स्नान)
  • ​15 अप्रैल 2027: श्रीराम नवमी
  • ​20 अप्रैल 2027: चैत्र पूर्णिमा

You may have missed