डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ निखिल शर्मा व नेहा झा का अभियान; यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 44 चालान व दो वाहन सीज,बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर शिकंजा, ओवरस्पीडिंग पर भी हुई कार्रवाई…

तनवीर अली हरिद्वार।

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ निखिल शर्मा व नेहा झा का अभियान; यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 44 चालान व दो वाहन सीज,बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर शिकंजा, ओवरस्पीडिंग पर भी हुई कार्रवाई…

​हरिद्वार। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को शहर और हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में की गई इस सख्त कार्रवाई में कुल 42 वाहनों के विरुद्ध 44 चालान काटे गए, जबकि अनियमितता पाए जाने पर दो मालवाहक वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई की जद में 19 बसें भी आई हैं।

​अभियान के दौरान टीम ने कश्यप आश्रम, ऋषिकुल, मायापुर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर नो-स्टॉपिंग जोन में खड़े तथा यातायात बाधित कर रहे 19 वाहनों के चालान किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बनते हैं, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करते हैं।

बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर शिकंजा

यात्री वाहनों की गहन जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं। तीन बसों में आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी गेट) निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, वहीं तीन बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। इसके अलावा दो बसों में अनधिकृत रूप से बदलाव (मॉडिफिकेशन) किए जाने पर कार्रवाई की गई। साथ ही परमिट, टैक्स और अन्य जरूरी दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर भी चालान किए गए। दूसरी ओर, बकाया टैक्स, बीमा और फिटनेस के कागजात अधूरे होने पर दो मालवाहक वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

ओवरस्पीडिंग पर भी हुई कार्रवाई

टीम ने श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर तेज रफ्तार से दौड़ रहे सात वाहनों के भी चालान किए। इस पूरे अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

​परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों और स्वामियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्क करें, गति सीमा का पालन करें और यात्री सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

You may have missed