तनवीर अली हरिद्वार।
गुरुकुल कांगड़ी में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के सात दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ: जगदीश लाल पाहवा बोले— समाज सेवा से ही राष्ट्र सेवा का मार्ग होता है प्रशस्त…
हरिद्वार, 24 नवंबर। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं एम्पैनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ETI) के संयुक्त तत्वावधान में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के लिए सात दिवसीय आवासीय अभिविन्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को विश्वविद्यालय के सीनेट सभागार में हुआ। 24 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित किया गया है। इसमें विभिन्न संस्थानों से 33 एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं एनएसएस गीत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनैना रावत ने अपने संबोधन में एनएसएस के मूल ध्येय वाक्य “मैं नहीं, बल्कि आप” को जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य स्वयंसेवकों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने एनएसएस के दर्शन, मूल सिद्धांतों एवं उद्देश्यों पर व्याख्यान देते हुए कार्यक्रम अधिकारियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग एवं समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी श्री जगदीश्वर पावा ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “समाज सेवा से ही राष्ट्र सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना ही एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार है। उन्होंने सभी कार्यक्रम अधिकारियों से एनएसएस के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में विश्वविद्यालय की एनएसएस एवं ईटीआई समन्वयक प्रो. संगीता मदान ने सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आयोजित होने वाले शैक्षणिक, व्यावहारिक एवं क्षेत्रीय कार्यक्रमों की जानकारी दी। इससे पूर्व पंजीकरण एवं परिचय सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों के बीच आपसी संवाद एवं समन्वय स्थापित किया गया।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रो. संगीता मदान ने की तथा संचालन डॉ. सरिता नेगी ने किया।
इस अवसर पर डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. विनीत विश्नोई, नवीन चंद, सुमित पुरोहित, नवीन कुमार, कृष्णवीर सिंह, नवदीप भारद्वाज, राजेश कुमार, अशोक कुमार, राहुल कुमार, संजीव कुमार, गोविंदाचारी एवं कृष्णा चौधरी सहित विभिन्न संस्थानों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के आगामी सत्रों में एनएसएस की कार्यप्रणाली, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक सेवा से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

More Stories
कार्तिक स्नान पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्थाएं: स्पेशल ट्रेनों का संचालन, ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव और स्टेशनों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम…
जीआरपी हरिद्वार की बड़ी सफलता: 6 माह से लापता 6 वर्षीय बालक लुधियाना से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा, परिवार में जीआरपी ने फिर से लौटाई खुशियां…
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ निखिल शर्मा व नेहा झा का अभियान; यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 44 चालान व दो वाहन सीज,बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर शिकंजा, ओवरस्पीडिंग पर भी हुई कार्रवाई…