परिवहन सचिव ने बृजेश कुमार संत हरिद्वार ARTO कार्यालय का किया औचक निरीक्षण; कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुधार के दिए कड़े निर्देश, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना कर राजस्व लक्ष्य प्राप्ति पर हरिद्वार एआरटीओ टीम की थपथपाई पीठ, 

तनवीर अली हरिद्वार।

 

परिवहन सचिव ने हरिद्वार ARTO कार्यालय का किया औचक निरीक्षण; कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुधार के दिए कड़े निर्देश।

​हरिद्वार:- ​उत्तराखंड शासन के परिवहन सचिव श्री बृजेश कुमार संत ने बुधवार को हरिद्वार स्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और जनसुविधाओं की बारीकी से जांच की। सचिव ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग की सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​’जनहित में कार्य संस्कृति बदलें’
निरीक्षण के दौरान सचिव ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट और फिटनेस जैसी सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी इन सेवाओं को पूरी संवेदनशीलता और दक्षता के साथ निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का व्यवहार जनहितकारी होना चाहिए ताकि कार्यालय आने वाले नागरिकों को परेशानी न हो।
​अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन पर जोर
सचिव ने कार्यालय की फाइलों और रिकॉर्ड रूम का जायजा लिया। उन्होंने फाइलों के सुव्यवस्थित संधारण (Record Management) को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्यालय भवन को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का आदेश दिया।
​चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना
चारधाम यात्रा के मद्देनजर ग्रीन कार्ड निर्गमन और परमिट संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और वाहन संचालकों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। सेवाओं का संचालन त्वरित और निर्बाध रहना चाहिए।
​राजस्व लक्ष्य प्राप्ति पर थपथपाई पीठ
सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर हरिद्वार एआरटीओ टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय की टीम भावना और प्रभावी प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी गति को बनाए रखने के निर्देश दिए।
​प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (देहरादून) संदीप सैनी, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा, रुड़की के एआरटीओ (प्रशासन) जितेन्द्र चन्द और एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्णा पलारिया समेत परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed