कांवड़ मेला 2026: डीएम ने अधिकारियों को दी ‘डेडलाइन’, 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा कावड़ मेला,

तनवीर अली हरिद्वार।

कांवड़ मेला 2026: डीएम ने अधिकारियों को दी ‘डेडलाइन’, 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा कावड़ मेला,

​हरिद्वार | आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण कर ली जाएं। इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।

​सुविधाओं और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

​बैठक में जिलाधिकारी ने बिजली, पेयजल, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ पटरी मार्गों पर झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की लॉपिंग का कार्य तत्काल पूरा किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों को समय रहते पूरा करें और निर्माण सामग्री को हटवाएं, ताकि श्रद्धालुओं को यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए।
​स्वच्छता, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा की निगरानी
​मेले के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है:
​स्वच्छता: नगर निगम और जिला पंचायत को व्यापक सफाई अभियान चलाने और सार्वजनिक शौचालयों में नियमित सफाई एवं पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
​स्वास्थ्य: मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति के किसी भी निजी स्वास्थ्य शिविर के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
​खाद्य सुरक्षा: होटलों, ढाबों और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ-साथ ‘रेट लिस्ट’ अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ओवररेटिंग या मिलावट की शिकायतों पर लगाम लगाई जा सके।
​सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए सख्त कार्ययोजना
​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। घाटों की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग को रेलिंग, चेन और अन्य सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने को कहा गया है। साथ ही, यात्रा मार्ग और घाटों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
​बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
​समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानन्द सरस्वती, एडीएम जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, सचिव एचआरडीए प्रत्युष सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा, सीएफओ वंश बहादुर यादव सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may have missed