शेयर मार्केट व IPO में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर चला एसटीएफ का चाबुक, 68 लाख की साइबर ठगी का  किया पर्दाफाश: SSP अजय सिंह के निर्देश पर पश्चिम बंगाल से 02 शातिर दबोचे, NCRP पोर्टल पर 19 से अधिक शिकायतों से जुड़े थे आरोपियों के तार…

तनवीर अली हरिद्वार।

शेयर मार्केट व IPO में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर चला एसटीएफ का चाबुक, 68 लाख की साइबर ठगी का  किया पर्दाफाश: SSP अजय सिंह के निर्देश पर पश्चिम बंगाल से 02 शातिर दबोचे, NCRP पोर्टल पर 19 से अधिक शिकायतों से जुड़े थे आरोपियों के तार

शेयर मार्केट और IPO में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर देश भर के लोगों को चूना लगाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का उत्तराखंड एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के कड़े निर्देशों और पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के जिला 24 परगना में दबिश देकर गिरोह के 02 सक्रिय सदस्यों—राकेश कुमार रजक और सैयद शादाब अली को गिरफ्तार कर लिया है।

₹68 लाख की ठगी और बैंक खातों का मायाजाल

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून पर पंजीकृत मु0अ0सं0 55/2025 और पटेलनगर से हस्तांतरित मु0अ0सं0 578/2025 में पीड़ितों को USA व भारतीय शेयर बाजार से जुड़ा बताकर कुल ₹67,84,37,00/- की चपत लगाई गई थी।

​विवेचना के दौरान बैंकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से बैंक ऑफ बड़ौदा के ‘RAJAK & COMPANY’ नाम के खाते का पता चला, जो आरोपी राकेश कुमार रजक का था। इस अकेले खाते में साइबर ठगी के ₹27.20 लाख ट्रांसफर कराए गए थे, जिन्हें बाद में RTGS के ज़रिए अन्य खातों में भेज दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर इस खाते के खिलाफ पहले से 19 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गईं।

व्हाट्सएप चैट से खुला बैंक खातों की खरीद-फरोख्त का राज

पुलिस टीम को आरोपी राकेश के मोबाइल से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। आरोपी सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई (निवासी गार्डन रीच, कोलकाता) के साथ हुई व्हाट्सएप चैट से स्पष्ट हुआ कि शादाब फर्जी और किराए के बैंक खातों की खरीद-फरोख्त का मुख्य मास्टरमाइंड है। वह नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के बदले भारी कमीशन वसूलता था।

ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए आरोपी, ₹12 लाख की रिकवरी प्रक्रिया शुरू

एसटीएफ की टीम ने दोनों अभियुक्तों को कोलकाता से गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और देहरादून ले आई। एसटीएफ द्वारा पीड़ित के ₹12,00,000/- की होल्ड धनराशि को वापस दिलाने हेतु न्यायालय से संबंधित बैंक को आवश्यक आदेश जारी कराए जा चुके हैं।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह की जनता से अपील:

“अनजान व्यक्तियों द्वारा शेयर मार्केट, IPO या किसी भी ऑनलाइन योजना में अधिक मुनाफे का लालच दिए जाने पर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध लिंक, अनजान नंबर या खाते में धनराशि ट्रांसफर करने से पहले उसकी पूरी पड़ताल करें। साइबर ठगी की स्थिति में बिना समय गंवाए तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।”

You may have missed