तनवीर अली हरिद्वार।
रक्षाबंधन पर मुरादाबाद मंडल की अनूठी पहल: ‘संरक्षाबंधन’ मनाकर दिया सुरक्षित रेल यात्रा का संदेश, प्रमुख स्टेशनों पर सेल्फी बूथ, नुक्कड़ नाटक और हस्ताक्षर अभियान से यात्रियों को किया गया जागरूक; ऑन-ड्यूटी रेलकर्मियों को बांधी गई राखी…
मुरादाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व को सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी के संदेश से जोड़ते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा ‘संरक्षाबंधन’ के रूप में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षा, संरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाना था।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार, शाहजहांपुर, हरदोई एवं हापुड़ सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
‘संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ’ का शुभारंभ
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डीआरएम श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने एक नन्हीं बच्ची से फीता कटवाकर और सेल्फी बूथ में प्रदर्शित ‘ट्रेन मैनेजर’ के कटआउट को राखी बांधकर “संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री राजीव गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री महेश यादव ने अधिकारियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
‘एक राखी, एक वचन’ नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली
यात्रियों को सतर्क करने के लिए उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम द्वारा “एक राखी, एक वचन” विषय पर एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया गया। इसके उपरांत, डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसने प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
ऑन-ड्यूटी रेलकर्मियों का सम्मान
अभियान के तहत स्काउट्स एवं गाइड्स की महिला टीम द्वारा ट्रेनों और स्टेशनों पर तैनात लोको पायलट, टीटीई, आरपीएफ जवानों और स्टेशन मैनेजरों को राखी बांधी गई। इस पहल के जरिए यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में 24 घंटे तैनात रेलकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया गया।
‘आपकी सुरक्षा हमारा सर्वोच्च कर्तव्य’
मंडल के स्टेशनों पर “सुरक्षित यात्रा का संकल्प” लिखे विशेष साइन बोर्ड स्थापित किए गए, जिन पर यात्रियों ने हस्ताक्षर करके सुरक्षित यात्रा का संकल्प लिया।
मंडल प्रशासन की अपील:
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री महेश यादव ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पूरा पालन करें, रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें।
संदेश: “राखी का वचन—सुरक्षित यात्रा का संकल्प”

More Stories
शेयर मार्केट व IPO में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर चला एसटीएफ का चाबुक, 68 लाख की साइबर ठगी का किया पर्दाफाश: SSP अजय सिंह के निर्देश पर पश्चिम बंगाल से 02 शातिर दबोचे, NCRP पोर्टल पर 19 से अधिक शिकायतों से जुड़े थे आरोपियों के तार…
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश और ARTO नेहा झा की अगुवाई में हरिद्वार में चला सघन चेकिंग अभियान: 160 चालान, ₹3.91 लाख शमन राशि वसूली…
रानीपुर पुलिस और सीआईयू टीम की बड़ी कार्रवाई: भेल के पास से दबोचे 3 शातिर लुटेरे, लूटा गया माल व बाइक की बरामद…