करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़: राजस्थान से दबोचा गया शातिर ठग, एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर STF की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन गेमिंग ‘Winadda’ के नाम पर करोड़ों की चपत: हरिद्वार के व्यक्ति से 1.77 करोड़ ठगे, राजस्थान के डीडवाना से आरोपी गिरफ्तार…

तनवीर अली हरिद्वार।

ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ₹1.77 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला राजस्थान से गिरफ्तार,

हरिद्वार के पीड़ित को Winadda वेबसाइट के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर फंसाया; एसटीएफ ने डीडवाना से दबोचा,

​देहरादून/हरिद्वार। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए कम निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर ₹1.77 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक शातिर अभियुक्त को उत्तराखण्ड एसटीएफ ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह के निर्देशों पर चलाए जा रहे साइबर अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान के तहत एसटीएफ टीम को यह सफलता हासिल हुई है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि साइबर अपराध से पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए एसटीएफ टीमों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

​यूट्यूब विज्ञापन से जाल में फंसाया

जनपद हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट ‘Winadda’ का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अज्ञात साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप पर विभिन्न लिंक भेजकर संपर्क किया और वर्ष 2025 के दौरान किस्तों में कुल ₹1,77,53,960 की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार के सुपुर्द की।

​खाते में मिले ₹14 लाख, 4 माह में ₹95 लाख का संदिग्ध लेन-देन

विवेचना के दौरान बैंक खातों के गहन विश्लेषण में सामने आया कि पीड़ित से ठगी गई राशि में से ₹14 लाख सीधे अभियुक्त के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अभियुक्त के खाते में महज 4 महीने के भीतर लगभग ₹95 लाख का संदिग्ध लेन-देन हुआ है।

​राजस्थान के लाडनूं से दबोचा

साक्ष्य एकत्र करने के बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त किशोर (41 वर्ष) पुत्र मदन लाल, निवासी वार्ड नं.-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन (राजस्थान) को उसके गृह क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस टीम:

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा, उ0नि0 वजिन्द्र सिंह नेगी तथा कांस्टेबल सोनह बड़ोनी शामिल रहे।

​एसटीएफ की अपील: किसी भी अनजान ऑनलाइन गेमिंग या अधिक लाभ देने वाली वेबसाइट/लिंक के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

You may have missed