श्रावण के अंतिम सोमवार पर मुरादाबाद मंडल की स्पेशल तैयारी: हरिद्वार-ऋषिकेश रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा, स्पेशल ट्रेनें और हेल्प डेस्क तैनात, कांवड़ मेले में रिकॉर्ड 5.96 लाख श्रद्धालुओं ने की रेल यात्रा, ₹18.83 करोड़ से अधिक का राजस्व…

तनवीर अली हरिद्वार।

श्रावण के अंतिम सोमवार पर मुरादाबाद मंडल की स्पेशल तैयारी: हरिद्वार-ऋषिकेश रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा, स्पेशल ट्रेनें और हेल्प डेस्क तैनात, कांवड़ मेले में रिकॉर्ड 5.96 लाख श्रद्धालुओं ने की रेल यात्रा, ₹18.83 करोड़ से अधिक का राजस्व,

मुरादाबाद। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने व्यापक प्रबंध किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

​मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए कई विशेष कदम उठाए गए हैं:

  • कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी से निगरानी: RPF और GRP के अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर सतत गश्त के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से पल-पल निगरानी रखी जा रही है।
  • टिकटों की कालाबाजारी पर नकेल: अवैध टिकट दलाली को रोकने के लिए RPF की विशेष टीमें बनाई गई हैं जो आरक्षण केंद्रों पर कड़ी नजर रख रही हैं।
  • स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त कोच: सहारनपुर–हरिद्वार (04558/04557) तथा बठिंडा–हरिद्वार (04560/04559) कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी है। इसके साथ ही दिल्ली-हरिद्वार मेमू सेवा का विस्तार किया गया है और यात्री क्षमता बढ़ाने के लिए 8 जोड़ी ट्रेनों में सामान्य श्रेणी (GS) के अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं।
  • सर्कुलेटिंग एरिया में होल्डिंग एरिया व पेयजल व्यवस्था: हरिद्वार स्टेशन पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है ताकि प्लेटफॉर्मों पर भीड़ न हो। यात्रियों के लिए शीतल पेयजल, शर्बत और फ्रूट जूस का प्रबंध भी वाणिज्य विभाग द्वारा किया गया है।
  • सहायता केंद्र और स्काउट्स-गाइड्स सेवा: हरिद्वार और ऋषिकेश स्टेशनों पर मेडिकल हेल्प डेस्क और ‘May I Help You’ काउंटर स्थापित किए गए हैं। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक बुजुर्गों, दिव्यांगों व महिलाओं को व्हीलचेयर और सहायता प्रदान कर रहे हैं। यात्रियों को RailOne ऐप के प्रयोग और एस्केलेटर के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

मेला अवधि में 5.96 लाख यात्रियों का आगमन, ₹18.83 करोड़ से अधिक का राजस्व

कांवड़ मेला-2026 के दौरान 30 जुलाई से 22 अगस्त तक हरिद्वार स्टेशन पर 5,96,049 यात्रियों का आगमन हुआ, जिससे रेलवे को ₹18,83,85,285/- का राजस्व प्राप्त हुआ है।

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें, कतारबद्ध होकर यात्रा करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत RPF/GRP को दें। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

You may have missed