त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाइयों की दुकानों, डेयरियों, ढाबों और निर्माण इकाइयों पर की छापेमारी…

तनवीर अली हरिद्वार।

त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाइयों की दुकानों, डेयरियों, ढाबों और निर्माण इकाइयों पर की छापेमारी,


हरिद्वार (22 अगस्त): आगामी रक्षा बंधन और जन्माष्टमी के त्यौहारों को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को जिले के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा की अगुवाई में टीम ने कई मिठाइयों की दुकानों, डेयरियों, ढाबों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।
लापरवाही पर दो दुकानें सील, पनीर और मिठाइयों के सैंपल लैब भेजे गए
कार्रवाई के दौरान जगजीतपुर में बिना पंजीकरण और बेहद गंदगी में चल रहे एक रेस्टोरेंट तथा भूपतवाला बाग में बिना लाइसेंस संचालित हो रही एक निर्माण इकाई पर चालान किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों को पंजीकरण मिलने तक काम बंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
वहीं, कनखल स्थित एक डेयरी से मिलावट के संदेह में खुले और पंचगांव ब्रांडेड पैकेट बंद पनीर के नमूने लिए गए। इसके अलावा खुले मावे और घेवर के भी विधिक नमूने संग्रह कर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अखबार में मिठाई लपेटने पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान मिठाई को अखबार में ढकने और पंजीकरण का नवीनीकरण (Renew) न कराने पर दो मिष्ठान विक्रेताओं को नोटिस थमाया गया है। विभागीय टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके फरार हो गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने स्पष्ट किया कि आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। यह जांच अभियान रक्षा बंधन से लेकर जन्माष्टमी तक लगातार जारी रहेगा।

You may have missed