तनवीर अली हरिद्वार।
सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर भूपतवाला आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री, संत समाज का मार्गदर्शन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा: धामी
- सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर भूपतवाला आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री
- बोले– केदारनाथ व हेमकुंड साहिब में जल्द सुगम होगी यात्रा, रोपवे परियोजनाओं पर तेज़ी से काम जारी
- देवभूमि के मूल स्वरूप से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अवैध निर्माण पर होगी सख्त कार्रवाई
हरिद्वार (22 अगस्त): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संतों का सानिध्य और गुरु कृपा समाज को धर्म, संस्कृति व राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। संत समाज ने हर दौर में देश और संस्कृति की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री शनिवार को भूपतवाला (सप्तसरोवर मार्ग) स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस समारोह में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सतगुरु लाल दास महाराज को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर सेवा, सत्य और भक्ति का मार्ग दिखाया। उनकी वाणी में अद्भुत शक्ति और दृष्टि में भगवान बुद्ध जैसी करुणा थी। उन्होंने सिखाया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार और रोपवे योजनाएं
देश में जारी सांस्कृतिक पुनर्जागरण का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि अयोध्या, काशी और उज्जैन की तर्ज पर उत्तराखंड के तीर्थों का भी कायाकल्प हो रहा है। केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और ‘मंदिर माला मिशन’ इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे दुर्गम पहाड़ियों पर बुजुर्गों और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और यमुना-शारदा तटों का विकास भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड के मूल स्वरूप, पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। देवभूमि के सामाजिक वातावरण को बिगाड़ने वाली गतिविधियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने देहरादून में स्थापित ‘हिंदू अध्ययन केंद्र’ का भी जिक्र किया, जो धर्म, संस्कृति और आधुनिक अनुसंधान का केंद्र बन रहा है।
संत समाज ने की धामी सरकार के फैसलों की सराहना
समारोह में सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने बताया कि आश्रम पिछले 57 वर्षों से निरंतर गरीबों की सेवा और अखंड भंडारे का संचालन कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और राज्य में लागू किए गए कड़े कानूनों की सराहना करते हुए कहा कि आज पूरा देश उत्तराखंड के मॉडल का अनुसरण कर रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।

More Stories
जिला न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त के निर्देशन में DLSA हरिद्वार का विधिक जागरूकता शिविर हुआ आयोजित, सचिव सिमरनजीत कौर ने छात्रों को पढ़ाया कानून का पाठ,
श्रावण के अंतिम सोमवार पर मुरादाबाद मंडल की स्पेशल तैयारी: हरिद्वार-ऋषिकेश रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा, स्पेशल ट्रेनें और हेल्प डेस्क तैनात, कांवड़ मेले में रिकॉर्ड 5.96 लाख श्रद्धालुओं ने की रेल यात्रा, ₹18.83 करोड़ से अधिक का राजस्व…
त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाइयों की दुकानों, डेयरियों, ढाबों और निर्माण इकाइयों पर की छापेमारी…