लक्सर पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा: खनन की मुखबिरी और रंजिश में हुई थी अंकित की हत्या, बाइक समेत गंगा में डुबोया था शव…

तनवीर अली हरिद्वार।

लक्सर पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा: खनन की मुखबिरी और रंजिश में हुई थी अंकित की हत्या, बाइक समेत गंगा में डुबोया था शव…


लक्सर (हरिद्वार)।
कोतवाली लक्सर पुलिस ने शिवपुरी रायसी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए अंकित चौहान की गुमशुदगी की गुत्थी को सुलझाते हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में अंकित के गांव के ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर गंगा नदी से मृतक का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
2 अगस्त की रात से लापता था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 2-3 अगस्त की रात को शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान अपनी मोटरसाइकिल (UK 08 B 1175) से घर लौट रहा था। रास्ते में वह अचानक गायब हो गया और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर की कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित की अपने ही गांव के कुछ युवकों से कारोबारी और पारिवारिक रंजिश चल रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।
खनन में मुखबिरी से नाराज होकर रची साजिश
सख्त पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतक अंकित काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन के कारोबार में उनकी मुखबिरी पुलिस से कर देता था। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते 2 अगस्त की रात चारों ने घात लगाकर अंकित को रास्ते में रोका और उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को अंकित की ही मोटरसाइकिल से बांधकर शिवपुरी गांव के पास गंगा नदी (खुसरो की ठोकर) में डुबो दिया।
एसडीआरएफ की मदद से बरामद हुआ शव
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सघन तलाश अभियान चलाया। कड़े प्रयासों के बाद नदी की गहराई से मृतक का शव और उसकी बाइक बरामद कर ली गई। घटना में प्रयुक्त साक्ष्यों के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 238 (साक्ष्य मिटाना) और 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पहले भी थाना खानपुर से एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
सचिन पुत्र पवन (निवासी: शिवपुरी रायसी, हरिद्वार)
मेहकार पुत्र पवन (निवासी: शिवपुरी रायसी, हरिद्वार)
कुलवंत पुत्र कल्लू (निवासी: शिवपुरी रायसी, हरिद्वार)
अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल (निवासी: शिवपुरी रायसी, हरिद्वार)
बरामदगी:
मृतक का शव
मृतक की मोटरसाइकिल (नंबर: UK 08 B 1175)
पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी इंचार्ज रायसी राजीव उनियाल, चौकी इंचार्ज भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह चौहान व रविंद्र नगर।
“मामले में अभियुक्तों के खिलाफ अदालत में ठोस और मजबूत सबूत पेश किए जाएंगे, ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।”
— एसएसपी, हरिद्वार

You may have missed