तनवीर अली हरिद्वार।
विकास भवन रोशनाबाद में अधिकार मित्रों की मासिक बैठक आयोजित; ‘स्पृहा योजना 2025’ और ‘प्लान ऑफ एक्शन’ पर दिए गए दिशा-निर्देश
हरिद्वार (विशेष संवाददाता):
माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार विकास भवन रोशनाबाद के सभागार में जिले के सभी अधिकार मित्रों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव/सिविल जज (एस.डी.), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा की गई।
बैठक के दौरान सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (नैनीताल) द्वारा निर्गत माह अगस्त 2026 के “प्लान ऑफ एक्शन” की विस्तृत जानकारी साझा की। इसके साथ ही, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ‘स्पृहा योजना 2025’ के मुख्य बिंदुओं से अधिकार मित्रों को अवगत कराया गया।
‘स्पृहा योजना’ के तहत पीड़ितों को मिलेगा निःशुल्क विधिक सहयोग
सभागार को संबोधित करते हुए सचिव ने बताया कि स्पृहा योजना का मुख्य उद्देश्य अपराध पीड़ित/व्यथित व्यक्तियों और जेल में बंद कैदियों के आश्रितों एवं परिजनों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें विधिक सहायता पहुंचाना है।
- व्यापक प्रचार-प्रसार: इस माह समस्त अधिकार मित्र पूरे जनपद में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
- पीड़ितों का चिन्हांकन: पीड़ित व उनके आश्रितों को चिन्हित कर DLSA के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
250 अधिकार मित्रों का होगा संवेदीकरण, 30 पी.एल.वी. विशेष कार्यशाला के लिए नामित
मासिक बैठक में निर्णय लिया गया कि इसी माह स्थायी लोक अदालत हरिद्वार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली पर 250 पी.एल.वी./अधिकार मित्रों का संवेदीकरण (Sensitization) किया जाएगा। इस कार्यशाला के सफल संचालन के लिए 30 पी.एल.वी./अधिकार मित्रों को विशेष रूप से नामित किया गया है।
बैठक के दौरान डिप्टी एल.ए.डी.सी. श्री रमन कुमार सैनी और रिटेनर अधिवक्ता श्री उपेन्द्र दत्त शर्मा ने उपस्थित अधिकार मित्रों को पॉक्सो (POCSO) एक्ट, एन.डी.पी.एस. (NDPS) एक्ट और स्थायी लोक अदालत के कार्यों के कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जनपद के सभी अधिकार मित्रों एवं पी.एल.वी. ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया और आमजन तक कानूनी सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।

More Stories
उत्तराखंड: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पिरान कलियर पुलिस की सख्त कार्रवाई, इंस्टाग्राम पर विवादित वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार…
उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, सिडकुल में “सेवा संकल्प अभियान–2026” के कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ, मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, जनभागीदारी, सेवा भाव तथा नवाचार पर अपने रखें विचार…
हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में मुठभेड़ के बाद शांतरशाह में हुए हैप्पी हत्याकांड का आरोपी किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या का कारण, तमंचा, कारतूस बरामद,पुलिस की कई टीमें रही शामिल…