कचहरी परिसर में चोरी का सिडकुल पुलिस ने किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 जेल में बंद, आरोपियों के कब्जे से बिजली के तार और नकदी की बरामद

तनवीर अली हरिद्वार।

कचहरी परिसर में चोरी का सिडकुल पुलिस ने किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 जेल में बंद, आरोपियों के कब्जे से बिजली के तार और नकदी की बरामद

हरिद्वार। कोतवाली सिडकुल पुलिस ने जिला बार एसोसिएशन सभागार (कचहरी परिसर) में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी पूर्व से ही अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार के 15 डिब्बे और बेचे गए सामान से मिले 28 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

लाइब्रेरी निर्माण स्थल से उड़ाया था सामान

​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गत 23 जुलाई को जिला बार एसोसिएशन (रोशनाबाद) के सचिव विपिन चंद द्विवेदी ने सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि कचहरी परिसर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी से अज्ञात चोरों ने एल्युमिनियम, ग्लास और विद्युत सामग्री चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर सिडकुल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिले सुराग

​एसएसपी हरिद्वार के निर्देशों पर थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैन्युअल इनपुट के आधार पर ज्वालापुर क्षेत्र के 4 संदिग्धों की पहचान की। जांच में सामने आया कि चार आरोपियों में से एक आरोपी पंकज राठौर (निवासी पांडेवाला, ज्वालापुर) पहले से ही ज्वालापुर थाने में दर्ज एक अन्य मामले (मुकदमा अपराध संख्या 528/2026) में रोशनाबाद जेल में बंद है।

झाड़ियों से बरामद हुआ चोरी का माल

​पुलिस ने अन्य तीन संदिग्धों को थाने बुलाकर पूछताछ की, तो उन्होंने 21 जुलाई को बार एसोसिएशन परिसर में चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर बागोवाली (ज्वालापुर) के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए सफेद प्लास्टिक के कट्टे से बिजली के तार के 15 डिब्बे बरामद किए गए।

​आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ सामान राहगीरों को बेच दिया था और पैसों का आपस में बंटवारा कर लिया था। पुलिस ने आदिल के पास से ₹11,000, गुलफाम के पास से ₹8,000 और आवेश के पास से ₹9,000 बरामद किए। मामले में पुलिस ने धारा 3(5), 317(2) और 331(4) BNS की बढ़ोतरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. आदिल पुत्र उमर शाद (निवासी: मोहल्ला घोसीयान, ज्वालापुर, हरिद्वार)
  2. गुलफाम पुत्र विव्वा उर्फ हबीब (निवासी: मोहल्ला पावधोई, ज्वालापुर, हरिद्वार)
  3. आवेश पुत्र रिजवान (निवासी: मोहल्ला घोसीयान, ज्वालापुर, हरिद्वार)
  4. पंकज राठौर पुत्र विनोद कुमार (निवासी: गूगाल रोड, पांडेवाला, ज्वालापुर – वर्तमान में जिला कारागार रोशनाबाद में बंद)

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:

  • ​अजय शाह (थानाध्यक्ष, सिडकुल)
  • ​उप-निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान (चौकी प्रभारी, कोर्ट)
  • ​हेड कांस्टेबल सोहन सिंह राणा
  • ​कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद

You may have missed