तनवीर अली हरिद्वार।
कांगड़ी में नकली पनीर बनाने वाली डेयरी पर छापा, 50 किग्रा पनीर नष्ट
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित ‘गुर्जर डेयरी’ पर छापा मारकर नकली पनीर बनाने के खेल का पर्दाफाश किया है। मौके से लगभग 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और मिल्क पाउडर के 50 खाली पैकेट जब्त किए गए।
श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान डेयरी पर एल्यूमिनियम कंटेनर में बिक्री के लिए रखा पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में संचालक के भाई सराफत अली ने कुबूल किया कि पनीर बनाने में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया जाता था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर और दूध के दो सैंपल लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। सैंपल लेने के बाद बचे करीब 49 किलोग्राम पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
बिना मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के चल रहा था काम
जांच में सामने आया कि डेयरी संचालक केवल रिटेल लाइसेंस पर अवैध रूप से पनीर और दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था। इस अनियमितता पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने डेयरी संचालक इमादत अली और उसके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नोटिस जारी किया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम से थाना प्रभारी नितेश शर्मा, एसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से उपायुक्त राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, दिलीप जैन व पवन कुमार शामिल रहे।

More Stories
उत्तराखंड: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पिरान कलियर पुलिस की सख्त कार्रवाई, इंस्टाग्राम पर विवादित वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार…
उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, सिडकुल में “सेवा संकल्प अभियान–2026” के कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ, मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, जनभागीदारी, सेवा भाव तथा नवाचार पर अपने रखें विचार…
हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में मुठभेड़ के बाद शांतरशाह में हुए हैप्पी हत्याकांड का आरोपी किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या का कारण, तमंचा, कारतूस बरामद,पुलिस की कई टीमें रही शामिल…