तनवीर अली हरिद्वार।
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 25 लाख की साइबर ठगी मामले में बांग्लादेश सीमा से अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के मुख्य सदस्य को किया गिरफ्तार,फर्जी फर्म बनाकर साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम और सिम कार्ड कराता था मुहैया,
उत्तराखंड एसटीएफ (STF) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने 25 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के मुख्य सदस्य को अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर (बांग्लादेश) के पास उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त जियाउर गाजी (40 वर्ष) फर्जी फर्म बनाकर साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम और सिम कार्ड मुहैया कराता था।
ईमेल और मोबाइल हैक कर उड़ाए थे ₹24.95 लाख
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) ने बताया कि देहरादून निवासी एक पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिया तथा कंपनी के बैंक खाते से लगभग 24.95 लाख रुपये उड़ा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला (मु0अ0सं0 14/2026, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट) पंजीकृत कर जांच शुरू की।
डेटा विश्लेषण से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों, टेलिकॉम कंपनियों और मेटा से डेटा प्राप्त कर विश्लेषण किया। सुराग मिलते ही एक विशेष टीम पश्चिम बंगाल रवाना की गई, जिसने हाबरा बाजार, उत्तर 24 परगना से अभियुक्त जियाउर गाजी (पुत्र जौहर अली गाजी) को धर दबोचा।
फर्जी फर्म ‘गाजी एंटरप्राइजेज’ के नाम से खोले खाते
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ‘गाजी एंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी फर्म बनाकर कई बैंकों में खाते खुलवाए थे। वह अपने और अन्य लोगों के करीब 12 बैंक खाते, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे मोटी रकम मिलती थी।
तीन लेयर में ट्रांसफर की रकम, चेक और एटीएम से निकाले पैसे
जांच में सामने आया कि ठगी के 24.95 लाख रुपये में से 11.95 लाख रुपये सबसे पहले आरोपी के IDBI बैंक खाते (प्रथम लेयर) में पहुंचे। इसके बाद उसने इस रकम को दूसरे और तीसरे लेयर में अपने INDUSIND बैंक और CENTRAL BANK के खातों में ट्रांसफर किया। आरोपी ने INDUSIND बैंक खाते से लगभग 7 लाख रुपये चेक से तथा शेष राशि एटीएम के जरिए निकाली।
बरामदगी:
डेबिट/एटीएम कार्ड: 02 (01 SBI, 01 BOB)
मोबाइल फोन: 03 (VIVO, OPPO, MICROMAX)
सिम कार्ड: 03 (विभिन्न कंपनियों के)
पुलिस टीम:
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक आशीष गुसांई, उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक गोपाल सिंह और कांस्टेबल नितिन रमोला शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।

More Stories
उत्तराखंड: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पिरान कलियर पुलिस की सख्त कार्रवाई, इंस्टाग्राम पर विवादित वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार…
उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, सिडकुल में “सेवा संकल्प अभियान–2026” के कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ, मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, जनभागीदारी, सेवा भाव तथा नवाचार पर अपने रखें विचार…
हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में मुठभेड़ के बाद शांतरशाह में हुए हैप्पी हत्याकांड का आरोपी किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या का कारण, तमंचा, कारतूस बरामद,पुलिस की कई टीमें रही शामिल…