ऑपरेशन कालनेमि’ में श्यामपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश कर, यूट्यूब पर ‘अघोरा’ चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले तीन को किया गिरफ्तार, मात्र 12 घंटे में ही हाथ लगी कामयाबी,

​तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार: ‘ ऑपरेशन कालनेमि’ में श्यामपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश कर, यूट्यूब पर ‘अघोरा’ चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले तीन को किया गिरफ्तार, मात्र 12 घंटे में ही हाथ लगी कामयाबी,


​हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर ‘अघोरा’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को ठगता था। पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 4.55 लाख रुपये नकद, लग्जरी वाहन और ठगी में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है।


​कैसे देते थे वारदात को अंजाम?


​थाना श्यामपुर पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना यूट्यूब चैनल के माध्यम से तंत्र-मंत्र और चमत्कारों के वीडियो डालता था। इन वीडियो से प्रभावित होकर हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार ने अपनी पारिवारिक परेशानियों के समाधान के लिए गिरोह से संपर्क किया। आरोपियों ने उसे चण्डी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा के नाम पर बुलाया और 4.60 लाख रुपये ठग लिए। पूजा के बहाने पीड़ित को मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप में उलझाया और नकदी से भरा बैग लेकर कार में सवार होकर फरार हो गए।


​12 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई।


​घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर थाना श्यामपुर पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल सर्विलांस का उपयोग करते हुए पुलिस टीम ने चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से आरोपियों को एंडेवर कार सहित दबोच लिया।


​बरामदगी और आरोपी।


​पुलिस ने आरोपियों के पास से 4.55 लाख रुपये नकद, एक आईफोन 17 प्रो मैक्स, घटना में प्रयुक्त एंडेवर कार और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा (बिजनौर), मोन्टी जोशी (देहरादून) और एक युवती (पौड़ी गढ़वाल) शामिल हैं। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातें कर चुका है।


​हरिद्वार पुलिस की अपील।


​पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने कहा, “किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत या चमत्कार के नाम पर पैसे की मांग करने वाले तथाकथित बाबाओं के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति ऐसी धोखाधड़ी करता है, तो तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचना दें।”


​टीम में शामिल जांबाज:
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, एएसआई रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल ओमवीर सिंह, राहुल देव, मनमोहन सैनी, चालक मोहन सिंह रावत, होमगार्ड नितिन चौहान और महिला पीआरडी राजकुमारी शामिल रहे।

You may have missed