तनवीर अली हरिद्वार
हरिद्वार पुलिस की नशा तस्करी पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 2 करोड़ की हैरोइन के साथ पंजाब के नशा तस्कर को गंगनहर पुलिस ने किया गिरफ्तार,अंडरपास में खड़ी कार बनी तस्कर का काल, डैशबोर्ड से मिली दो करोड़ की हैरोइन,
हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार सवार तस्कर को भारी मात्रा में अवैध हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हैरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
अंडरपास में खड़ी कार बनी तस्कर का काल।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली गंगनहर पुलिस टीम 6 जुलाई 2026 को क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कार में बैठा व्यक्ति घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
डैशबोर्ड से मिली दो करोड़ की हैरोइन
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में उसकी कार के डैशबोर्ड से एक पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पंजाब के किसी बड़े तस्कर से यह खेप खरीदकर लाया था और इसे रुड़की क्षेत्र में खपाने की फिराक में था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है। कोतवाली गंगनहर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल:
इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार, उ.नि. पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कान्सटेबल युनुस बेग, हेड कान्सटेबल अशोक तिवारी, कान्सटेबल देवेश सिंह और कान्सटेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
पुलिस का संदेश:
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि हरिद्वार में नशा बेचने और खरीदने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी अवैध कार्यों में लिप्त तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
सिडकुल में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलका रहे 51 नशेड़ी दबोचे, वसूला जुर्माना…
आगामी त्योहारों का बढ़ रहा उत्साह, ‘ऑल ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन’ और ‘SUPER FREIGHT CARRIER’ की ओर से देशवासियों एवं हरिद्वार वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं आगामी त्यौहार: हाजी मुस्तफा ने दी शुभकामनाएं…
खाद्य पदार्थों पर महंगाई की मार कांग्रेस का प्रहार: सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, सरकार से मांगे जवाब, चीनी ₹20 महंगी, आम बजट ध्वस्त: ज्वालापुर में कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन,सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर गहरा रोष जताया और आम जनता को राहत देने की मांग…