तनवीर अली हरिद्वार।
करोड़ों की प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वाला फार्मा स्टोर संचालक गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई।
उत्तराखण्ड में सप्लाई किए थे 35 लाख के ट्रामाडोल कैप्सूल, मुजफ्फरनगर से दबोचा गया अभियुक्त,
देहरादून, 19 जून (2026): माननीय मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशों पर एसटीएफ ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबन्धित दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह के एक मुख्य मोहरे को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ा गया अभियुक्त मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) स्थित ‘श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर’ का संचालक सचिन मनिहाल है।
11 मई के मामले से जुड़े तार
पुलिस के अनुसार, गत 11 मई 2026 को हरिद्वार के थाना मंगलौर क्षेत्र से पुलिस और एसटीएफ ने 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस संबंध में थाना मंगलौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक श्री परवेज अली के पर्यवेक्षण में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा द्वारा की जा रही विवेचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर इस रैकेट के पीछे मुजफ्फरनगर के फार्मा स्टोर संचालक सचिन मनिहाल का नाम सामने आया।
5 महीने में 35 लाख का अवैध कारोबार
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अभियुक्त सचिन मनिहाल विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र के तस्करों के माध्यम से उत्तराखण्ड में सप्लाई करता था। वह इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से पता चला है कि महज जनवरी 2026 से मई 2026 तक की अवधि में अभियुक्त ने एक ही दवा कंपनी को ट्रामाडोल कैप्सूल की खरीद के लिए लगभग 35 लाख रुपये का भुगतान किया था।
संपत्ति की जांच शुरू
एसटीएफ के अनुसार, अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से तस्करी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। अब पुलिस इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (खरीदार और सप्लायर) की तलाश कर रही है। साथ ही, अभियुक्त द्वारा नशे की काली कमाई से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
जनता से अपील: इन नंबरों पर दें सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर तस्करी में न पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी ड्रग्स तस्करी की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस या एसटीएफ के इन नंबरों पर संपर्क करें:
एसटीएफ हेल्पलाइन: 0135-2656202
मोबाइल नंबर: 9412029536
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक मनोज बेनीवाल, योगेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल दीपक चन्दोला और दीपक नेगी शामिल रहे।

More Stories
सर्वानंद घाट से पंतद्वीप पार्किंग तक 20 एवं 21 जून को चलाया जाएगा विशेष स्वच्छता अभियान,जिलाधिकारी मयूर दिक्षित ने सभी स्वयंसेवियों संस्थाओं,सामाजिक संगठनों,संत समाज,धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों,औद्योगिक इकाइयों, मीडिया बंधु, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से स्वच्छता अभियान में सभी से की गई सहयोग की अपील,
आगामी कांवड़ मेला के दृष्टिगत हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट, SSP के निर्देश पर SP यातायात निशा यादव ने किया स्थलीय भ्रमण, NH एवं एक्सप्रेसवे निर्माण कार्यों की समीक्षा की,
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी,सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने कसी कमर, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा,