एसडीएम और खनन अधिकारी ने अवैध खनन और भंडारण में दो स्टोन क्रशर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर….ग्राम कटापुर स्थित दोनों स्टोन क्रशर की ई-रवन्ना पोर्टल आईडी को भी किया बन्द…..

हरिद्वार उपजिलाधिकारी पुरण सिंह राणा और खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने अवैध खनन और भंडारण में दो स्टोन क्रशर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। ग्राम कटापुर स्थित दोनों स्टोन क्रशर की ई-रवन्ना पोर्टल आईडी को भी बंद कर दिया गया है। खनन विभाग व राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।डीएम विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर अवैध खनन, भंडारण की शिकायत को लेकर एसडीएम पूरण सिंह राणा और खान अधिकारी प्रदीप कुमार टीम के साथ कटारपुर की ओर औचक निरीक्षण निकले। कटारपुर में पहुंचते ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने से आती दिखी, टीम ने चेक किया तो ट्रॉली में उपखनिज भरा था। वाहन चालक से ई-रवन्ना तथा भरे उपखनिज सम्बंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, परन्तु वाहन चालक ई-रवन्ना प्रस्तुत नहीं कर पाया। छह घन मी. अवैध उपखनिज सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही राजस्व विभाग व खनन विभाग की टीम ने कटारपुर में स्थित शिव शक्ति स्टोन क्रशर की जांच की। स्टोन क्रशर के ई-रवन्ना पोर्टल व मौके पर जमा उपखनिज में कोई भिन्नता नहीं पायी गयी, परन्तु मौके पर स्टोन क्रशर के गेट के अंदर दांयी ओर एक गड्ढा दिखाई दिया जो अवैध रूप से पाया गया, जिसकी पैमाइश की गयी है, जिसमे 960 घन मी. उपखनिज उठाया गया है। यह गड्ढा अवैध होने के कारण स्टोन क्रशर की ई-रवन्ना पोर्टल आईडी तत्काल बन्द कर स्टोन क्रशर को सीज कर दिया गया। इसके उपरांत राजस्व व खनन की टीम निकट स्थित श्री साईं स्टोन क्रशर कटारपुर में पहुंची। जिसमें रात को बुग्गियों से उपखनिज क्रय की शिकायत थी। टीम ने स्टोन क्रशर प्लांट की पैमाइश की, जिसमें पाया गया कि प्लांट में ई-रवन्ना पोर्टल से 368 घन मी. उपखनिज अधिक जमा किया गया है। जिससे पुष्टि हुई कि स्टोन क्रशर स्वामी की ओर से अवैध उपखनिज क्रय किया जा रहा है। पैमाइश में अधिक उपखनिज पाये जाने पर स्टोन क्रशर की तत्काल ई-रवन्ना आईडी बन्द कर स्टोन क्रशर को सीज किया गया है। मौके पर स्टोन क्रशर के मुंशी को हिदायत दी गयी है कि अग्रिम आदेशो तक प्लांट में कोई कार्य न करें। इस दौरान नायब तहसीलदार फेरुपुर रमेश चन्द्र, कानूनगो फेरुपुर सुरेंद्र सिंह, माधो सिंह सहित खनन व राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed