कुंभ मेला-2027 का शंखनाद: एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने फीता काटकर किया पुलिस लाइन ‘ऋषिकुल’ का भव्य उद्घाटन, अधिकारियों व जवानों की सुविधाओं का लिया जमीनी जायजा,मुख्यालय के सहयोग के लिए जताया आभार,क्राउड मैनेजमेंट और क्षेत्र की भौगोलिक समझ पर जोर…

तनवीर अली हरिद्वार।

कुंभ मेला-2027 का शंखनाद: एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने फीता काटकर किया पुलिस लाइन ‘ऋषिकुल’ का भव्य उद्घाटन,अधिकारियों व जवानों की सुविधाओं का लिया जमीनी जायजा,मुख्यालय के सहयोग के लिए जताया आभार,क्राउड मैनेजमेंट और क्षेत्र की भौगोलिक समझ पर जोर…

​हरिद्वार, ब्यूरो। धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने कुंभ मेला क्षेत्र अंतर्गत स्थापित पुलिस लाइन “ऋषिकुल” का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के शुरुआत में पुलिस की टुकड़ी द्वारा एडीजी प्रशासन को सलामी दी गई, जिसके पश्चात उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और फीता काटकर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया।

अधिकारियों व जवानों की सुविधाओं का लिया जमीनी जायजा

उद्घाटन के उपरांत एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने संपूर्ण पुलिस लाइन परिसर का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बाहर से आने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ठहरने के लिए टेंटेज में तैयार की गई बैरकों, भोजनालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने अस्थाई जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय, कैश कार्यालय व अन्य प्रशासनिक शाखाओं में जाकर दस्तावेजों और अभिलेखों की गहनता से जांच की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक चाक-चौबंद रखने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यालय के सहयोग के लिए जताया आभार

इस मौके पर आयोजित पुलिस जवानों की विशेष ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने एडीजी प्रशासन का स्वागत किया। उन्होंने एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों व जवानों द्वारा दिन-रात की जा रही तैयारियों और मेहनत का ब्योरा प्रस्तुत किया। साथ ही, मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से मिल रहे निरंतर सहयोग और संसाधनों के लिए एडीजी प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

क्राउड मैनेजमेंट और क्षेत्र की भौगोलिक समझ पर जोर

ब्रीफिंग के दौरान एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कुंभ की चुनौतियों और कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कुंभ विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से लाखों-करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट), सुगम यातायात व्यवस्था (ट्रैफिक चैलेंज), सुरक्षा मानकों और अग्निशमन (फायर सर्विस) प्लान का सटीक क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी जवानों को आपसी समन्वय और टीम वर्क के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को न केवल अपने ड्यूटी पॉइंट की, बल्कि संपूर्ण कुंभ मेला क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और उसकी आध्यात्मिक महत्ता की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का सही मार्गदर्शन किया जा सके।

You may have missed