आपदा प्रबंधन दिवस पर हरिद्वार में 11 स्थानों पर एक साथ मॉक एक्सरसाइज, भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड और सड़क दुर्घटना के काल्पनिक परिदृश्य बनाकर राहत-बचाव कार्यों का हुआ परीक्षण, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में 155 घायलों का सफल रेस्क्यू…

तनवीर अली हरिद्वार।

आपदा प्रबंधन दिवस पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 11 स्थानों पर मॉक एक्सरसाइज, 155 घायलों का सफल रेस्क्यू

हरिद्वार, 28 नवंबर। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों और विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। उत्तराखंड शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ अभ्यास चलाया गया, जिसमें भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड और सड़क दुर्घटना के काल्पनिक परिदृश्य बनाकर राहत-बचाव कार्यों का परीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 155 घायलों का सफल रेस्क्यू किया गया।

​जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सुबह 9:35 बजे भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद बीएचईएल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में छत गिरने और बच्चों के दबे होने का परिदृश्य सक्रिय किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) लागू कर स्टेजिंग एरिया बनाए गए और टीमें घटनास्थलों के लिए रवाना की गईं।

​रुड़की के अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, मंगलौर के नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज और भगवानपुर के आरएनआई इंटर कॉलेज में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने व मलबे में फंसे बच्चों को निकालने का अभ्यास किया गया। वहीं खानपुर के नेशनल कन्या इंटर कॉलेज में दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में 22 लोगों का रेस्क्यू किया गया, जिनमें से 12 को चिकित्सा केंद्र और 10 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने का अभ्यास हुआ।

​औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल रोशनाबाद स्थित हीरो मोटोकॉर्प और एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने व धुआं फैलने पर अग्निशमन और बचाव टीमों ने आग बुझाने व कर्मियों को निकालने की कार्रवाई परखी। इसके अलावा चंडीघाट पुल के पास बस-ट्रक टक्कर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ के कारण भगदड़ और हरकी पैड़ी के शिव पुल पर गंगा का जलस्तर बढ़ने से यात्रियों के बहने की स्थितियों का भी अभ्यास किया गया। शिव पुल से जल पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दो को जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया निभाई गई।

​राहत कार्यों के सुचारू संचालन के लिए हरिद्वार क्षेत्र में रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 को स्टेजिंग एरिया और भारती इंटर कॉलेज सेक्टर-4 को रिलीफ कैंप बनाया गया। इसी तरह लक्सर-खानपुर में जीआईसी गोवर्धनपुर, रुड़की में एचआरडीए कार्यालय (स्टेजिंग एरिया) व नगर निगम रैन बसेरा (रिलीफ कैंप) तथा भगवानपुर में तहसील परिसर को स्टेजिंग एरिया व रिलीफ कैंप निर्धारित किया गया।

​अभ्यास में पुलिस, जल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पीएसी, सीआईएसएफ, जीआरपी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के साथ आपदा मित्र, एनएसएस और युवक मंगल दल के सदस्यों ने भाग लिया। जेसीबी, एम्बुलेंस, फायर टेंडर, कटर और राफ्ट जैसे संसाधनों का भी उपयोग किया गया।

​मॉक ड्रिल के बाद जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में ऑब्जर्वर्स की मौजूदगी में डी-ब्रीफिंग बैठक हुई, जिसमें रिस्पांस टाइम, संसाधनों की उपलब्धता और समन्वय से जुड़ी खामियों व सुधारों पर चर्चा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विभव गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed