17 साल से फरार एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर बंगाल से गिरफ्तार,एसएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ और दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2009 की लूट-डकैती में था शामिल, पहचान छिपाकर कर रहा था टाइल्स व पत्थर का काम, यूपी-उत्तराखंड में दर्ज हैं कई संगीन मामले…

तनवीर अली हरिद्वार।

17 साल से फरार एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर बंगाल से गिरफ्तार,एसएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ और दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2009 की लूट-डकैती में था शामिल, पहचान छिपाकर कर रहा था टाइल्स व पत्थर का काम, यूपी-उत्तराखंड में दर्ज हैं कई संगीन मामले…

​देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए डेढ़ दशक से अधिक समय से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी 54 वर्षीय शौकत अली पुत्र लतीफ (निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी विदानपुली, इच्छापुर, थाना नोआपारा, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल) देहरादून के बसंत विहार और नैनीताल के हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज संगीन मामलों में करीब 17 वर्षों से वांछित था।

2009 की लूट-डकैती में था शामिल

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा (निवासी बसंत विहार, देहरादून) ने घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों द्वारा परिवार को चोट पहुंचाने और लूटपाट करने की शिकायत दर्ज कराई थी। थाना बसंत विहार में मुकदमा संख्या 80/09 (धारा 397 भादवि) दर्ज हुआ। विवेचना में मेरठ और मुजफ्फरनगर निवासी पांच आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों—राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान और समद—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली तभी से फरार था। पहले उस पर एसएसपी देहरादून ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे हाल ही में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया था।

पहचान छिपाकर कर रहा था टाइल्स व पत्थर का काम

गिरफ्तारी से बचने के लिए शौकत अली मेरठ से भागकर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलता रहा। एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और पतारसी-सुरागरसी के जरिए जानकारी जुटाई कि वह कोलकाता क्षेत्र के पास अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम रहा है। सटीक सूचना पर टीम ने थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल) क्षेत्र से उसे दबोच लिया।

यूपी-उत्तराखंड में दर्ज हैं कई संगीन मामले

आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मेरठ के देहली गेट थाने के अलावा हल्द्वानी (नैनीताल) और बसंत विहार (देहरादून) में भी उसके विरुद्ध मामले पंजीकृत हैं।

​संयुक्त टीम में ये रहे शामिल

गिरफ्तारी अभियान में उत्तराखंड एसटीएफ की टीम से निरीक्षक अबुल कलाम, उप निरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उप निरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेन्द्र चौहान, कांस्टेबल अनिल कुमार व मोहन असवाल तथा थाना बसंत विहार से थानाध्यक्ष उप निरीक्षक अमित कुमार शर्मा और अपर उप निरीक्षक गंभीर सिंह शामिल रहे।

You may have missed