डीएम के निर्देश पर निरीक्षण: एआरटीओ कार्यालय में अनधिकृत गतिविधियों पर शिकंजा, एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा ने संभाली कमान…

तनवीर अली हरिद्वार।

डीएम के निर्देश पर निरीक्षण: एआरटीओ कार्यालय में अनधिकृत गतिविधियों पर शिकंजा, एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा ने संभाली कमान,

रोशनाबाद (हरिद्वार)। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने एआरटीओ कार्यालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में अवैध रूप से चल रहे ढाबों, कुर्सी-मेज लगाकर बैठने वाले बिचौलियों और अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को खदेड़कर व्यवस्था सुदृढ़ कराई।

​निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ई-ऑफिस व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, पंजिकाओं की स्थिति और लंबित प्रकरणों की गहनता से समीक्षा की। अधिकारियों ने पटल प्रभारियों को जनता से जुड़े कार्यों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।

​कार्यालय परिसर को दलालों से मुक्त कराने के सख्त मूड में दिखे एआरटीओ निखिल शर्मा एवं नेहा झा ने अनधिकृत रूप से जमे लोगों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना किसी वैध कार्य के परिसर में भटकते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाएगी।

​अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपने परिवहन संबंधी कार्यों के लिए किसी बिचौलिए या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं और शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही अपने काम कराएं।

You may have missed