हरिद्वार पुलिस लाइन में गूंजा ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’: डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुलर ने सपरिवार मनाई जन्माष्टमी…

तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार पुलिस लाइन में गूंजा ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’: डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुलर ने सपरिवार मनाई जन्माष्टमी,

रोशनाबाद पुलिस लाइन में 24 मनमोहक झांकियों ने मोहा मन, चारधाम मॉडल बना मुख्य आकर्षण

पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों और रिक्रूट्स की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे श्रद्धालु

  • हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा पुलिस लाइन प्रांगण कन्हैया के रंग में रंगा नजर आया, जहां पुलिस परिवार के साथ-साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने भी जन्मोत्सव का आनंद लिया।

गायक विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के भजनों की रही धूम,

​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जनपद के विभिन्न थानों व कार्यालयों द्वारा लगाई गई 24 भव्य और मनमोहक झांकियां रहीं। मुख्यमार्ग के किनारे सजी इन झांकियों में सनातन संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर चित्रण किया गया था, जिन्हें देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने झांकियों के साथ सेल्फी ली और तस्वीरें अपने मोबाइलों में कैद कीं।

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुलर ने सपरिवार कार्यक्रम में शिरकत की। अधिकारियों ने सभी झांकियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। इसके पश्चात बहुउद्देशीय हॉल में पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं प्रकाशिणाधीन रिक्रूट आरक्षियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक गायक विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के मधुर भजनों व गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मध्य रात्रि शुभ मुहूर्त में पुलिस लाइन स्थित श्री दुर्गा मंदिर में लड्डू गोपाल के प्रकट होते ही पूरा क्षेत्र जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर में सजाई गई चारधाम मॉडल की विशेष झांकी सभी के आकर्षण का केंद्र रही। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुलर ने परिजनों व पुलिस अधिकारियों के साथ मां दुर्गा और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की तथा कन्हैया को झूला झुलाकर जन्मोत्सव मनाया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

​जन्मोत्सव के अवसर पर हुई भव्य आतिशबाजी ने रात के आकाश को सतरंगी रोशनी से नहला दिया। एसएसपी नवनीत सिंह भुलर ने सभी जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

You may have missed