ऑपरेशन प्रहार में सिडकुल पुलिस का एक्शन, दो महिलाओं सहित 9 हिरासत में, सरेआम हुड़दंग व मारपीट का वीडियो वायरल होने पर  हुई कार्यवाई…

तनवीर अली हरिद्वार।

सरेआम हुड़दंग व मारपीट का वीडियो वायरल होने पर सिडकुल पुलिस का एक्शन, दो महिलाओं सहित 9 हिरासत में,ऑपरेशन प्रहार में हुई कार्यवाई,

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर सरेआम सड़क पर हो-हल्ला, हुड़दंग और आपस में मारपीट करने का एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद हरिद्वार पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाली सिडकुल पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत कार्रवाई कर सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था भंग कर रहे 2 महिलाओं और 7 पुरुषों समेत कुल 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

वायरल वीडियो से मचा था हड़कंप

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में 31 अगस्त को सिडकुल थाना क्षेत्र में कुछ महिला व पुरुष सरेराह आपस में गाली-गलौज और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे। सरेआम हो रहे इस हंगामे के कारण रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और आम जनता में काफी रोष व्याप्त हो गया था। स्थानीय लोगों द्वारा विरोध करने के बावजूद आरोपी बाज नहीं आ रहे थे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वीडियो का संज्ञान लेते ही उप-निरीक्षक अनिल बिष्ट, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल रोहित की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को चिन्हित कर पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन उग्र रवैये को देखते हुए पुलिस ने धारा 170 BNSS (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए आरोपी:

  1. शिवम (मूल निवासी बिजनौर, हाल निवासी टीन मार्केट रावली महदूद)
  2. गौरव गुप्ता (मूल निवासी हरदोई, हाल निवासी ब्रह्मपुरी, सिडकुल)
  3. गौतम कश्यप (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी महादेवपुरम)
  4. शानू (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी महादेवपुरम)
  5. महिला (मूल निवासी बिजनौर, हाल निवासी रावली महदूद)
  6. शिवा कश्यप (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रावली महदूद)
  7. ओम गुप्ता (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी ब्रह्मपुरी)
  8. सूरज (मूल निवासी सीतापुर, हाल निवासी रावली महदूद)
  9. महिला (मूल निवासी बिजनौर, हाल निवासी रावली महदूद)

​पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ऐसी अनुशासनहीनता और कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी हुड़दंगी—चाहे वह पुरुष हो या महिला—को बख्शा नहीं जाएगा।

You may have missed