तनवीर अली हरिद्वार।
शिवालिक नगर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ ‘दीपावली मिलन एवं रामलीला कलाकार सम्मान समारोह’
– नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा के संयोजन और कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन
– रामलीला कलाकारों एवं समितियों का हुआ सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
शिवालिक नगर:
गत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा द्वारा आयोजित ‘दीपावली मिलन एवं श्री रामलीला कलाकार सम्मान समारोह’ शिवालिक नगर में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में क्षेत्र की विभिन्न रामलीलाओं के मंचीय कलाकारों, रामलीला समितियों तथा रामलीला के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सबका दायित्व: श्री राजीव शर्मा
नगर पालिका अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक श्री राजीव शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, रामलीला समितियों, कलाकारों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का अभिन्न अंग है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है। रामलीला के कलाकार अपनी कला एवं अभिनय के माध्यम से इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन जैसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता को मजबूत बनाते हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा सहित अन्य अतिथियों ने की सराहना
- कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और रामलीला के कलाकारों को सम्मानित करने की यह पहल बेहद प्रशंसनीय है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन भी करते हैं।
- विद्या भारती (उत्तराखंड) के संगठन मंत्री श्री सुनील ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि संस्कारों और चरित्र का निर्माण करना भी है। रामलीला जैसे आयोजन हमारी आध्यात्मिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक श्री राकेश ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता इसके जीवन-मूल्यों और सामाजिक समरसता में निहित है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, त्याग और अनुशासन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
- भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा ने कहा कि श्री राजीव शर्मा द्वारा गत वर्षों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना और रामलीला से जुड़े सहयोगियों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है, जो समाज को एकजुट करती है।
भजनों की प्रस्तुति ने किया भावविभोर
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती करुणा चौहान एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भजनों ने समारोह में समां बांध दिया। भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के इस संगम ने उपस्थित अतिथियों और क्षेत्रवासियों को भावविभोर कर दिया।
हजारों की संख्या में रहे गणमान्य नागरिक मौजूद
कार्यक्रम में दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, रामलीला समितियों के पदाधिकारियों, कलाकारों, राज्य मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का संदेश दे गया।

More Stories
हरिद्वार में पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 10.54 ग्राम स्मैक बरामद,
अभिनेत्री उर्मिला सनावर को रानीपुर पुलिस ने महज 12 घंटों में ही किया गिरफ्तार… 5 करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की धमकी और आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की शिकायत पर हुई बड़ी कार्रवाई,
हरिद्वार सिडकुल में ‘इंटर इंजीनियरिंग एक्सपो 2026’ की शानदार शुरुआत, आधुनिक तकनीकों के संगम से औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति, स्टॉल होल्डर्स और उद्योग जगत में देखनेको मिल भारी जबरदस्त उत्साह, एग्जिबिशन आयोजकों की सराहना और भविष्य की उम्मीदें…