हरिद्वार जिला न्यायालय और कारागार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस; जनपद न्यायधीश नरेन्द्र दत्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर,शहीदों को किया नमन,

तनवीर अली हरिद्वार,

हरिद्वार जिला न्यायालय और कारागार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस; जनपद न्यायधीश नरेन्द्र दत्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर,शहीदों को किया नमन,

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) तथा जिला न्यायालय परिसर हरिद्वार में स्वतंत्रता दिवस अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरा परिसर राष्ट्रीय ध्वज के रंगों और देशभक्ति के तरानों से सराबोर रहा।

जनपद न्यायाधीश ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन

कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ जिला न्यायालय परिसर में माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र दत्त द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के उपरांत जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त ने अपने संबोधन में समस्त नागरिकों व न्यायिक अधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा, “आज हम अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हम सब आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सभी महान क्रांतिकारियों को नमन करते हैं और हमें उनकी शहादत व त्याग को सदैव याद रखना चाहिए।”

​इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, जिला न्यायालय के सभी अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश, सभी सिविल जज (सीनियर डिविजन), अन्य न्यायिक अधिकारीगण, जिला जजी के कर्मचारी, विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

अधिवक्ताओं से की निष्ठापूर्वक कर्तव्य पालन की अपील

न्यायालय परिसर के पश्चात डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में भी जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा आजादी के आंदोलन और देश में रियासतों के विलय पर विचार रखने के बाद, जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में अधिवक्ताओं व बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आह्वान किया कि न्याय व्यवस्था के सभी अंगों को अपने दायित्वों और कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करना चाहिए।

​इस दौरान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसमेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी कपिल, सचिव विपिन द्विवेदी, कार्यकारिणी सदस्य व वरिष्ठ-कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कारागार में बंदियों को संवैधानिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

जिला कारागार हरिद्वार में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता भी जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त ने की। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया।

​जनपद न्यायाधीश ने अपने संदेश में बंदियों को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बंदियों ने देशभक्ति नुक्कड़ नाटक, गीत और कव्वाली की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीत “तू मेरा कर्मा तू मेरा धर्मा” पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

​समारोह में जनपद न्यायाधीश एवं वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री मनोज आर्य द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकार मित्रों (PLV) को प्रशस्ति पत्र तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बंदियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

​वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री मनोज आर्य ने जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज जनपद न्यायाधीश महोदय ने एक न्यायिक अधिकारी से इतर भारत के एक सजग नागरिक के रूप में उपस्थिति दर्ज कराकर इस आयोजन की शोभा बढ़ाई है। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

You may have missed