तनवीर अली हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027: निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, रात की पाली में भी कराएं काम— 24 घंटे नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी, कार्यस्थलों पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य–सोनिका मेलाधिकारी…
हरिद्वार, 5 अक्टूबर (विशेष संवाददाता):
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तय समयसीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को सीसीआर में कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए बड़ी विकास परियोजनाओं में रात की पाली (नाइट शिफ्ट) में भी काम कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि सभी अवस्थापना विकास कार्यों की 24 घंटे नियंत्रण कक्ष से निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात की पाली में चल रहे कार्यों का जायजा लेने के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ मेला प्रशासन के अधिकारी भी औचक निरीक्षण करेंगे।
पारदर्शिता के लिए अनिवार्य होंगे सूचना बोर्ड
मेलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों को दोहराते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यस्थल पर परियोजना की पूरी जानकारी—जैसे परियोजना का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था, संबंधित अधिकारियों का नाम व फोन नंबर और कार्य पूरा होने की अंतिम तिथि—दर्शता हुआ बोर्ड प्रमुखता से लगाया जाए। निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुणवत्ता जांच और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद
मेलाधिकारी सोनिका ने थर्ड पार्टी एजेंसियों को कार्य के हर महत्वपूर्ण चरण पर नियमित रूप से गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा ताकि भ्रम या संवादहीनता की स्थिति न बने।
बैठक में यूआईआईडीबी द्वारा संचालित रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास, हर की पैड़ी पुनर्विकास और एडमिन रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनमें अतिरिक्त मानव संसाधन एवं मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी व श्री मनजीत सिंह, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता (टेक्निकल सेल) श्री मनोज भट्ट, अधीक्षण अभियंता (लोनिवि) श्री डीपी सिंह सहित विभिन्न संस्थाओं के अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।

More Stories
नवरात्रि पर कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर खाद्य कारोबारियों को कड़े निर्देश, कार्यशाला में बोले खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी— ‘केवल पैक्ड व शुद्ध कुट्टू का आटा ही बेचें’…
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित, 88 शिकायतें हुई दर्ज, मौके पर 45 शिकायतों का निस्तारण, लापरवाही पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…
जीआरपी की बड़ी कार्रवाई: चेकिंग अभियान में अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, एसपी जीआरपी अरुणा भारती के नेतृत्व में रेलवे परिसर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में मिली कामयाबी…