तनवीर अली हरिद्वार।
विशेष संवाददाता
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो, हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 1 बच्चा घायल
देवप्रयाग/पौड़ी: पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार को लेकर पौड़ी आ रही बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
थाना देवप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि कुंडधार के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हुई बोलेरो (संख्या UK08 BL 0387) में कुल 6 लोग सवार थे।
ठेकेदारी का काम करते थे अफजाल, परिवार को घुमाने ला रहे थे पौड़ी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित रायपुर जीतपुर निवासी अफजाल (49) पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे। वह अपने परिवार को घुमाने के लिए पौड़ी ला रहे थे और गाड़ी स्वयं ही चला रहे थे। यात्रा के दौरान कुंडधार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में हताहतों का विवरण:
- मृतक:
- अफजाल (49 वर्ष) – पुत्र अकबर सूफी
- शब्बो (40 वर्ष) – पत्नी अफजाल
- शादाब (14 वर्ष) – पुत्र अफजाल
- अन्नाविया (3 वर्ष) – पुत्री अफजाल
- गुफरान (34 वर्ष) – पुत्र अकबर (सभी निवासी: ग्राम रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार)
- घायल:
- अरमान – पुत्र अफजाल (निवासी: रायपुर जीतपुर, लक्सर, हरिद्वार)
मासूम अरमान को श्रीनगर बेस अस्पताल किया गया रेफर
रेस्क्यू टीम ने खाई में फंसे घायल बच्चे अरमान को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने अन्य सभी 5 मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया है और पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की खबर लक्सर स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया है।

More Stories
एसपी जीआरपी अरुणा भारती के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन प्रहार’ को मिली सफलता,कांवड़ मेले में बड़ी अनहोनी टली: जीआरपी हरिद्वार पुलिस ने 12 इंच लम्बे चाकू के साथ ‘कालनेमि’ साधु को को किया गिरफ्तार,
हरिद्वार: कलेक्ट्रेट में नई ‘विधिक सहायता हेल्प डेस्क’ का शुभारंभ, वन महोत्सव सप्ताह का हुआ समापन, आमजन को मिलेगी निःशुल्क विधिक सलाह,
एंजेल्स एकेडमी में आयोजित हुआ वार्षिक सम्मान समारोह: मुख्य अतिथि डॉ. निशंक ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार: डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रिंसिपल रश्मि चौहान ने सभी का किया स्वागत…