तनवीर अली हरिद्वार।
देहरादून/हरिद्वार।
ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान में एसटीएफ,औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर संचालक को किया गिरफ्तार, 200 बोतल अवैध कोडीन सिरप बरामद…
उत्तराखण्ड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ (एएनटीएफ), औषधि विभाग और थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडीन सिरप के साथ एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बिना वैध दस्तावेजों के रखी गई 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप और एक वैगनआर कार बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान टीम को गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित ‘वैभव मेडिकल स्टोर’ का संचालक आकाश छाबड़ा अपने निवास स्थान पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने आरोपी के आर्य नगर (थाना ज्वालापुर) स्थित आवास, फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी कुल 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद हुई। आरोपी से जब सिरप के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध अभिलेख पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में कबूला जुर्म
कड़ाई से पूछताछ करने पर 23 वर्षीय आरोपी आकाश छाबड़ा ने स्वीकार किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में नशेड़ियों को फुटकर (रिटेल) में यह सिरप बेचता था। आरोपी के खिलाफ थाना ज्वालापुर में धारा 8/22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के आधार पर नशीले सिरप की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम
कार्रवाई में निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी, औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक समीप पांडे सहित मुख्य आरक्षी संदेश, आरक्षी रवि पंत, दीपक चंदोला, दीपक नेगी, प्रशांत चौहान और महिला आरक्षी सुल्ताना शामिल रहे।
एसटीएफ की जनता से अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से नशे से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ के संपर्क नंबर 0135-2656202 व 9412029536 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

More Stories
ऑपरेशन प्रहार: झबरेड़ा पुलिस ने अवैध असलहे के साथ दो आरोपियों को दबोचा, सोशल मीडिया पर दे रहे थे धमकी,कावड़ यात्रा के दौरान पुलिस की बड़ी कार्यवाही,
शिवालिक नगर में विकास को मिली रफ्तार: वार्ड-4 के पार्क सौंदर्यीकरण का हुआ भव्य शुभारंभ, पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने विकास कार्य की शुरुआत की,
डीएलएसए सचिव सिमरनजीत कौर के नेतृत्व में स्वास्थ्य, औषधि निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर में मेडिकल स्टोरों एवं कन्फेक्शनरी दुकानों का किया औचक निरीक्षण, जिला जेल में निरीक्षण एवं किशोर न्याय बोर्ड विधिक सहायता हेल्पडेस्क का हुआ शुभारंभ,