सीएम धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” के विजन को साकार करने में जुटी उत्तराखंड एसटीएफ के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले अंतरराज्यीय रैकेट के मास्टरमाइंड सतानंद शर्मा को रुद्रपुर से किया गिरफ्तार, आरोपी के बैंक खातों में अवैध कारोबार से करीब 1.70 करोड़ पाया गया लेनदेन…

तनवीर अली हरिद्वार।

उत्तराखंड एसटीएफ का बड़ा प्रहार: फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट का मास्टरमाइंड सतानंद शर्मा गिरफ्तार

रुद्रपुर/काशीपुर:

मुख्यमंत्री के ‘अपराध मुक्त उत्तराखंड’ विजन को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले अंतरराज्यीय रैकेट के मास्टरमाइंड सतानंद शर्मा को रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हथियारों के अवैध कारोबार से करोड़ों रुपये कमाने का आरोप है।

साजिश का खुलासा और गिरफ्तारी

एसएसपी एसटीएफ, अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने फर्जी लाइसेंस धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड सतानंद शर्मा (निवासी- ग्राम अनावा, थाना पुंवाया, जिला शाहजहांपुर, उ.प्र.) को दबोच लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने शाहजहांपुर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के कुछ संविदाकर्मियों के साथ मिलीभगत कर उन पुराने UIN नंबरों को फर्जी तरीके से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करवाया, जिनका रिकॉर्ड गायब हो चुका था।

1.70 करोड़ की अवैध कमाई का खुलासा

एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि सतानंद शर्मा के बैंक खातों में कूटरचित लाइसेंस के कारोबार से लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये की अवैध धनराशि प्राप्त हुई है। आरोपी ने सौरव अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और अन्य के माध्यम से उधमसिंह नगर में बड़ी संख्या में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर लोगों को दिए थे।

अभियान में अब तक की कार्रवाई

एसटीएफ द्वारा इस मामले में काशीपुर कोतवाली में FIR संख्या 213/2026 (बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत) पंजीकृत कराई गई है। अब तक की कार्रवाई में:

  • 09 अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
  • 14 अवैध असलहे (जिनमें 2 ऑटोमैटिक पंप एक्शन गन, 2 राइफल, 9 पिस्टल और 1 रिवॉल्वर शामिल है) बरामद किए गए हैं।
  • 355 जिंदा कारतूस और कई कूटरचित लाइसेंस बरामद हुए हैं।

आदतन अपराधी है सतानंद

मास्टरमाइंड सतानंद शर्मा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पूर्व गाजियाबाद और शाहजहांपुर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी एसटीएफ की दो टूक चेतावनी

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों से लाइसेंस बनवाकर उत्तराखंड में इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों पर एसटीएफ की पैनी नजर है। उन्होंने फर्जी लाइसेंस धारकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने हथियार पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आमजन से अपील

एसटीएफ ने जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी के पास फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस के संबंध में कोई सूचना हो, तो वह एसटीएफ को सूचित कर सकता है। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।

एसटीएफ से संपर्क हेतु: मोबाइल नंबर 9412029536L

You may have missed