तनवीर अली हरिद्वार।
बुग्गावाला पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: बायोडीजल फैक्ट्री फायरिंग कांड में 10-10 हजार के तीन इनामी बदमाश किए गिरफ्तार… चौकीदार पर फायरिंग और फैक्ट्री में डकैती के प्रयास के मामले में फरार चल रहे थे तीनों शातिर बदमाश…
हरिद्वार के कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बुग्गावाला क्षेत्र स्थित एक बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चौकीदार पर फायरिंग और डकैती के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर एसएसपी द्वारा 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
क्या था मामला?
बीती 9 जून 2026 को अमानतगढ़ क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में कुछ बदमाशों ने बड़ी चोरी के इरादे से धावा बोला था। बदमाशों के मंसूबों को वहां तैनात चौकीदार ने अपनी बहादुरी से नाकाम करने की कोशिश की, जिस पर हमलावरों ने उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से ही पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ से शुरू हुआ खुलासा
घटना के खुलासे में जुटी बुग्गावाला पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें पुलिस ने लुकमान नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। लुकमान से हुई गहन पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान सुनिश्चित हुई।
डिजिटल और मैनुअल पुलिसिंग से मिली सफलता
एसएसपी नवनीत सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बुग्गावाला थानाध्यक्ष को सीआईयू टीम के साथ मिलकर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने डिजिटल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का जाल बिछाते हुए दुर्गम मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी। अंततः 19 जून 2026 को पुलिस ने यूपी बॉर्डर के पास से तीन मुख्य आरोपियों—संजय, जोगिन्दर उर्फ जोगा और नसीम—को धर दबोचा। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल एक तमंचा, खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यूपी और उत्तराखंड में सक्रिय है गिरोह
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह यूपी और उत्तराखंड में चोरी, लूट व डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में से जोगिन्दर उर्फ जोगा का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिस पर लक्सर और सहारनपुर के थानों में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
संजय: निवासी ओल्ड मिद्दा गड़ी रोड, यमुनानगर, हरियाणा।
जोगिन्दर उर्फ जोगा: निवासी न्यू गुलाबनगर, यमुनानगर, हरियाणा।
नसीम: निवासी ग्राम बंदरजुड़, थाना बुग्गावाला, हरिद्वार।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस ऑपरेशन को सफल बनाने में थानाध्यक्ष बुग्गावाला अंकुर शर्मा के नेतृत्व में उ0नि0 मनोज कुमार, उ0नि0 सुनील रमोला, अपर उ0नि0 अरविंद भट्ट समेत पूरी बुग्गावाला पुलिस टीम और सीआईयू रुड़की व हरिद्वार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

More Stories
कांवड़ मेला-2026 की सफलता पर GRP का भव्य आयोजन: SP अरुणा भारती की अगुवाई में आयोजित हुआ ‘बड़ा खाना’, उत्कृष्ट पुलिसकर्मीयों और इंस्पेक्टर विपिन पाठक को किया सम्मानित, 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का सुरक्षित रेल सफर कराया पूरा, 34 बिछड़े लोगों को परिजनों से मिलाकर जीआरपी ने पेश की मिसाल…
758वां सालाना उर्स को लेकर पिरान कलियर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, नवनियुक्त मेला प्रभारी कमल मोहन भंडारी के कंधों पर सुरक्षा की कमान,4 जोन और 13 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र; 100 CCTV, 24 बैरियर, 11 वॉच टावर और 13 पार्किंग स्थलों से होगी ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी,
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने किया ‘सशक्त युवा सशक्त भारत’ अभियान का आगाज; सचिव सिमरनजीत कौर के नेतृत्व में हुए विभिन्न कार्यक्रम…