सेवा में,
श्रीमान अधिशासी अभियंता महोदय,
सिंचाई विभाग, हरिद्वार,
उत्तराखंड।
विषय: हरिलोक तिराहे से सराय गाँव होते हुए एकड़ तक जाने वाली लगभग 3 किमी सड़क के निर्माण हेतु अनुरोध।
महोदय,
सविनय निवेदन है कि ज्वालापुर के हरिलोक तिराहे से प्रारंभ होकर सराय गाँव होते हुए एकड़ तक जाने वाली सड़क (सराय बाईपास रोड) पिछले लगभग चार वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी असुविधा और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
महोदय, उक्त सड़क सिंचाई विभाग, उत्तराखंड के अधीन आती है। वर्ष 2019 में जब स्वीडन के राजा महोदय सराय गाँव में कूड़ा प्लांट के शिलान्यास हेतु पधारे थे, तब मात्र औपचारिकता हेतु सड़क की ऊपरी सतह को अस्थाई रूप से ठीक किया गया था। इसके पश्चात् विभाग द्वारा अब तक कोई स्थायी मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं किया गया।
इस विषय पर विभाग को अनेक बार पत्राचार, सीसीआर बैठक तथा अन्य माध्यमों से अवगत कराया गया, किंतु आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। गत वर्ष शासन-प्रशासन द्वारा इस सड़क के लिए लगभग ₹12 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिसके अंतर्गत केवल गड्ढों में मलबा व बजरी डालकर अस्थाई सुधार किया गया। किंतु पहली ही वर्षा में सड़क पुनः पहले जैसी हो गई।
सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग द्वारा अगस्त 2023 में यह आश्वासन दिया गया था कि बरसात के बाद सड़क का पूर्ण निर्माण कार्य किया जाएगा। परंतु आज, वर्ष 2025 की बरसात बीत जाने के बाद भी न तो सड़क का निर्माण हुआ और न ही स्थायी मरम्मत। केवल कुछ स्थानों पर पेच वर्क कर दिया गया था, और टायल लगाया गया था, टायल के कुछ हिस्से को छोड़कर बाकी सब पेच वर्क अब पुनः उखड़ चुका है, और स्थिति पहले से अधिक गंभीर है।
महोदय, यह सड़क 80 से अधिक गाँवों को जोड़ती है तथा 30 से अधिक आवासीय कॉलोनियाँ (हरिलोक, राजलोक, दक्ष, संदेश विहार, रतन विहार, शांति विहार, रुक्मिणी गार्डन आदि) इसी मार्ग पर स्थित हैं। साथ ही 4 विद्यालय और अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी इसी मार्ग के आस-पास हैं। आए दिन ई-रिक्शा पलटने व दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाओं की घटनाएँ आम हो चुकी हैं। बरसात के समय गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय जनता विगत चार वर्षों से इस जर्जर सड़क के कारण भारी असुविधा झेल रही है। विशेष रूप से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुँचने में अत्यधिक कठिनाई होती है। “गड्ढा मुक्त सड़क” के सरकारी आदेशों के बावजूद यह लगभग 3 किलोमीटर का मार्ग अब तक यथावत टूटा हुआ पड़ा है।
अतः आपसे निवेदन है कि उक्त सड़क का पूर्ण निर्माण अथवा सुदृढ़ मरम्मत कार्य शीघ्रातिशीघ्र कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
आपसे जनहित में आवश्यक एवं त्वरित कार्यवाही की अपेक्षा है।
धन्यवाद।
भवदीय,
(विपिन गुप्ता)
अध्यक्ष, शहर व्यापार मंडल, ज्वालापुर
संबद्ध — प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तराखंड
मो. 9837103389
(विक्की तनेजा)
महामंत्री, शहर व्यापार मंडल, ज्वालापुर

More Stories
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा पैरा लीगल वालंटीयर्स/अधिकार मित्रों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण विशेष क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल हुआ आयोजन।
उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्यवाही – बन्द पडी बीमा पॉलिसियों को चालू करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गैंग का एक सदस्य नोएडा से किया गिरफ्तार, दून निवासी व्यक्ति के साथ पीएनबी मिडलाइफ इंश्योरेंस का अधिकारी बताकर की थी लगभग 26 लाख की धोखाधडी,
ज्वालापुर स्थित पीएम श्री जीजीआईसी विद्यालय में बुधवार को जर्मनी सरकार और जीआईजेड संस्था के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पहुंचकर नमामि गंगे अभियान के तहत संचालित गतिविधियों का किया अवलोकन, प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में छात्राओं द्वारा गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बताया प्रेरणादायक,