रुड़की में अवैध वेनम सेंटर का भंडाफोड़, 86 जहरीले सांप बरामद – संचालक फरार.
रुड़की (हरिद्वार): हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक अवैध वेनम सेंटर (सांपों के ज़हर संग्रहण केंद्र) का खुलासा हुआ। दिल्ली से आई पीपुल्स फॉर एनिमल्स (PFA) की टीम ने स्थानीय वन विभाग के साथ मिलकर खंजरपुर गांव के जंगलों में बने इस केंद्र पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर प्रजाति के खतरनाक सांप बरामद किए गए।
कार्रवाई के समय सेंटर का संचालक नितिन कुमार फरार हो गया, जबकि उसका प्रतिनिधि विष्णु मौके पर मौजूद मिला। पूछताछ में विष्णु ने बताया कि वह वहीं रहता है, लेकिन ज़हर की सप्लाई कहां और किसे होती थी, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।
जहर गायब, सांपों की हालत खराब
छापेमारी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सेंटर में कहीं भी सांपों का जहर मौजूद नहीं था। वहीं, सांपों को रखने की व्यवस्था भी नियमों के खिलाफ पाई गई। विशेषज्ञों के अनुसार वहां उचित तापमान, रोशनी और साफ-सफाई का इंतज़ाम नहीं था, जिससे सांपों की हालत भी ठीक नहीं पाई गई।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वेनम सेंटर लंबे समय से संचालित हो रहा था, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। लोगों ने सवाल उठाया कि अगर यह केंद्र इतने समय से चल रहा था तो विभाग ने उस पर निगरानी क्यों नहीं रखी।
समाप्त हो चुकी थी अनुमति
जांच में यह भी सामने आया कि नितिन कुमार को दिसंबर 2022 में मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड की ओर से एक साल की सशर्त अनुमति मिली थी, जो दिसंबर 2023 में खत्म हो चुकी थी। इसके बावजूद वह केंद्र अवैध रूप से चला रहा था।
कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
छापेमारी में बरामद सभी 86 सांपों को जब्त कर लिया गया है। चूंकि कोबरा और रसल वाइपर जैसी प्रजातियां भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-1 के अंतर्गत संरक्षित हैं, इसलिए अब इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
सुरक्षित बचपन अभियान: प्रधान न्यायाधीश अजय चौधरी व DLSA सचिव सिमरनजीत कौर ने बच्चों को दिए सुरक्षा के गुर, हरिद्वार के 28 स्कूलों में जागरूकता शिविर, 21500 छात्र-छात्राएं हुए लाभान्वित…
कुंभ मेला 2027: मेलाधिकारी सोनिका ने संभाला मोर्चा, बैरागी कैंप और कनखल क्षेत्र का लिया जायजा;पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश,घाटों की मरम्मत, सफाई और सुरक्षा है पहली प्राथमिकता…
उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में नई नियुक्तियाँ: अथर अंसारी बने हरिद्वार ग्रामीण के जिला अध्यक्ष, पार्टी को सोशल मीडिया के जरिए मजबूत करने का लिया संकल्प…