तनवीर अली हरिद्वार।
कुंभ मेला 2027: मेलाधिकारी सोनिका ने संभाला मोर्चा, बैरागी कैंप और कनखल क्षेत्र का लिया जायजा;पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश,घाटों की मरम्मत, सफाई और सुरक्षा है पहली प्राथमिकता,
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। शुक्रवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों की पूरी टीम के साथ बैरागी कैंप, नया टापू, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में शिविर स्थलों, संपर्क मार्गों, पुलों और घाटों के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने वाले 48 मीटर लंबे पैदल पुल तथा दक्ष द्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने वाले 60 मीटर स्पान के स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के पास मायापुर स्कैप चैनल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज का निर्माण तत्काल शुरू करने और कनखल को जोड़ने वाली सड़क के संकरे हिस्से के चौड़ीकरण के लिए भूस्वामियों से वार्ता करने के निर्देश दिए।
घाटों की मरम्मत, सफाई और सुरक्षा प्राथमिकता
बैरागी कैंप में स्कैप चैनल पर बन रहे 260 मीटर लंबे घाट तथा कनखल के सार्वजनिक घाटों का जायजा लेते हुए मेलाधिकारी ने मरम्मत, सफाई और स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग व चेन लगाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कैप चैनल की बंदी अवधि का उपयोग घाटों की समुचित सफाई और सुदृढ़ीकरण में किया जाए। इसके अलावा दक्ष मंदिर, शीतला माता मंदिर, दरिद्रभंजन मंदिर और कनखल श्मशान घाट पर जनसुविधाओं, प्रकाश व पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता पर दुरुस्त करने को कहा।
स्थानीय नागरिकों से लिया फीडबैक
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता के साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), पीआईयू, यूपीसीएल (Power Department) और अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद।
भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर मेला व्यवस्थाओं पर उनके सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता दोनों को सुगम सुविधाएं मिल सकें।

More Stories
उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में नई नियुक्तियाँ: अथर अंसारी बने हरिद्वार ग्रामीण के जिला अध्यक्ष, पार्टी को सोशल मीडिया के जरिए मजबूत करने का लिया संकल्प…
आस्थान देवीदयाल एन्क्लेव सोसाइटी के चुनाव 1 नवंबर को; अध्यक्ष पद पर दो दिग्गजों का होगा सीधा मुकाबला, 66 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग…
विशेष अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस का कड़ा प्रहार: आदतन पेशेवर अपराधी शाहरियाज को ज्वालापुर पुलिस ने किया जिला बदर…