(दिशा) की बैठक में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिए निर्देश, प्रत्येक पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, दिसंबर अंत तक पूरे हों सड़क कार्य, सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग और डीएम की सराहना की, चेकिंग अभियान और यातायात उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में मिली है मदद…

तनवीर अली हरिद्वार।

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की आयोजित बैठक में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिए निर्देश, प्रत्येक पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, दिसंबर अंत तक पूरे हों सड़क कार्य, सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग और डीएम की सराहना की,चेकिंग अभियान और यातायात उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में मिली है मदद…

​हरिद्वार, 19 नवंबर।

सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को जनहित में पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

​बैठक को संबोधित करते हुए सांसद श्री रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रत्यक्ष लाभ समाज के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण पूरी पारदर्शिता के साथ कर शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

*कुंभ से पहले सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश*

​जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले को देखते हुए सांसद श्री रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत के कार्य दिसंबर माह के अंत तक पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए मार्गों का सुव्यवस्थित होना आवश्यक है।

*समीक्षा की गई प्रमुख योजनाएं व निर्देश*

  • ​समीक्षित योजनाएं: बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और पोषण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
  • ​पेंशन व सुकन्या समृद्धि: वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित करने तथा सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बालिकाओं को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
  • ​बुनियादी सुविधाएं: ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व सिंचाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया गया।

*सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग और डीएम की सराहना*

सांसद श्री रावत ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते तीन माह से लगातार चल रहे चेकिंग अभियान और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिली है।

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने योजनाओं की प्रगति का ब्योरा देते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा और नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से निगरानी जारी रहेगी।

​बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर श्रीमती किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार ग्रामीण श्रीमती अनुपमा रावत, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित दिशा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed