रुड़की में एनालाग पनीर बनाने वाली फैक्ट्री सील: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार: अभियान के तहत प्रतिबंधित पनीर फैक्ट्री बंद, भारी मात्रा में पामोलीन ऑयल बरामद; पुलिस की मदद से कार्रवाई, सख्त निर्देश के बाद आरोपी पर गिरफ्तारी की तलवार…

हरिद्वार में मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार: अभियान के तहत प्रतिबंधित पनीर फैक्ट्री बंद, भारी मात्रा में पामोलीन ऑयल बरामद; पुलिस की मदद से कार्रवाई, गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू

अधिकारियों के निर्देश पर मिलावटी पनीर इकाई पर बड़ी कार्रवाई, अभियान के तहत निर्माता की गिरफ्तारी की तैयारी, प्रतिबंधित पामोलीन तेल व मिल्क पाउडर की बरामदगी

​हरिद्वार, 04 अक्टूबर 2026:

राज्य में मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरिद्वार जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित द्वारा दिए गए सख्त निर्देश के अनुपालन में शनिवार देर रात रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध व प्रतिबंधित एनालाग पनीर निर्माण इकाई का पर्दाफाश किया गया।

​यह संयुक्त कार्रवाई उपायुक्त गढ़वाल मण्डल आर. एस. रावत के नेतृत्व, सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा एस.पी. (देहात) अभय प्रताप सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए पुलिस बल के सहयोग से रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर की गई।

​मौके से पामोलीन ऑयल और मिल्क पाउडर की बरामदगी

​छापेमारी के दौरान पनीर निर्माता आजाद (पुत्र ईसाक) को उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पूरी तरह से प्रतिबंधित ‘एनालाग पनीर’ का निर्माण, संग्रह और विक्रय करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम द्वारा मौके से 2 टीन (20 किलो) पामोलीन ऑयल तथा 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर की बरामदगी की गई। पूछताछ में आरोपी निर्माता ने स्वीकार किया कि वह पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर को मिलाकर नकली पनीर तैयार करता था और इसे बाजार में ₹240 प्रति किलो की दर से बेचता था।

​2 क्विंटल नकली पनीर नष्ट, फैक्ट्री सील

​विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद लगभग 2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट करवाया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के निर्माण के चलते उक्त इकाई को अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से बंद (सील) कर दिया गया है।

​सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए, सख्त कानूनी कार्रवाई जारी

​मौके से खुला पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 3 विधिक नमूने (सैंपल) एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए गए हैं। आरोपी पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी व सख्त सजा दिलाने हेतु संबंधित धाराओं में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

​छापेमार टीम में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा व निर्मला शामिल रहे।

You may have missed