तनवीर अली हरिद्वार।
देहरादून में ₹69 लाख की साइबर ठगी का आरोपी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार,आनंद राठी शेयर्स के नाम पर फर्जी ग्रुप बनाकर की थी धोखाधड़ी, एसएसपी के निर्देश पर STF को मिली बड़ी सफलता,
उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर पुलिस टीम ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ₹69,90,000 (लगभग ₹70 लाख) की बड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस की पहुंच से बच रहा था।
मामले की जानकारी देते हुए एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि देहरादून निवासी पीड़िता हनी सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता को आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के नाम से फेसबुक पर फर्जी निवेश विज्ञापन दिखाकर व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में ₹69.90 लाख जमा करा लिए गए।
एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने साइबर थाना देहरादून के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नवियाल के नेतृत्व में टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान साइबर टीम ने धोखाधड़ी में प्रयुक्त बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसमें कोटक महिंद्रा बैंक के एक खाते में ठगी के ₹10 लाख स्थानांतरित होने की पुष्टि हुई।
तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्रेटर नोएडा स्थित HIG अपार्टमेंट, ओमीक्रॉन-1 में दबिश देकर अभियुक्त मुनिंद्र भाटी (पुत्र रविंद्र भाटी, मूल निवासी ग्राम रौनी अस्तौली, नोएडा) को गिरफ्तार कर लिया।
आईफोन और बैंक दस्तावेज बरामद
पुलिस टीम ने अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त 01 iPhone-13 मोबाइल फोन, 02 सिम कार्ड, 01 आधार कार्ड और 01 कोटक बैंक का खाली चेक बरामद किया है।
ठगी के नेटवर्क की जांच जारी, 1930 पर करें शिकायत
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अभियुक्त के मोबाइल और बैंक खातों के डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिससे इस साइबर ठगी गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी संदिग्ध स्कीम में निवेश न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

More Stories
सामुदायिक केंद्र में आयोजित हुआ कार्यक्रम: समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नवनियुक्त सभासद पंकज चौहान, अवधेश राय, लज्जे राम शर्मा और सरिता नेगी को पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ…
हरिद्वार में 20 सूत्रीय कार्यक्रम और ‘विकसित भारत विजन 2047’ पर हुई समीक्षा बैठक, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने दिए निर्देश…
सीएम धामी ने दी स्वीकृति; विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से रानीपुर को मिली बड़ी सौगात: 3.41 करोड़ की लागत से बनेंगी चार सड़कें, शिवालिकनगर के विभिन्न वार्डों में होगा सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण, हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ…