हरिद्वार में 20 सूत्रीय कार्यक्रम और ‘विकसित भारत विजन 2047’ पर हुई समीक्षा बैठक, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने दिए निर्देश…

तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार में 20 सूत्रीय कार्यक्रम और ‘विकसित भारत विजन 2047’ पर हुई समीक्षा बैठक, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने दिए निर्देश

​हरिद्वार। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में 20 सूत्रीय कार्यक्रम तथा ‘विकसित भारत विकसित उत्तराखंड विजन 2047’ को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

​बैठक के दौरान अगस्त 2026 की मासिक प्रगति रिपोर्ट की विभागवार समीक्षा की गई। जिन मदों में ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी प्राप्त हुई है, उन पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आगामी माह में प्रगति और रैंकिंग में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए। CDO ने मुख्य रूप से जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, एनआरएलएम (NRLM), पीएमजीएसवाई (PMGSY) तथा जल जीवन मिशन से जुड़े विभागों को कार्यप्रणाली में तेजी लाने की ताकीद की।

​इसके साथ ही ‘विकसित भारत विकसित उत्तराखंड विजन 2047’ की कार्ययोजना तैयार करने पर बिंदुवार चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर 2026 के द्वितीय या तृतीय सप्ताह में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 2047 तक के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार होगा। उन्होंने सभी विभागों को SWOT (Strengths, Weaknesses, Opportunities, Threats) विश्लेषण के आधार पर लघुकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया।

​इस समीक्षा बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, महाप्रबंधक (जिला उद्योग केंद्र), अपर सांख्यिकी अधिकारी, उपवन संरक्षक, अधिशासी अभियंता (पेयजल निगम व जल संस्थान), सहायक निदेशक मत्स्य, मुख्य कृषि अधिकारी, परियोजना अधिकारी (उरेडा), सहायक नगर आयुक्त (रुड़की) तथा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी सहित कई जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed