तनवीर अली हरिद्वार।
हरिद्वार: डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर बड़ा एक्शन, आम यात्री बनकर सड़क पर उतरे एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा; 25 वाहन सीज, जिले में ऑटो-रिक्शा और विक्रम चालकों की मनमानी और अवैध किराया वसूली पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने चलाया चैकिंग अभियान,
हरिद्वार (विशेष संवाददाता):
जिले में ऑटो-रिक्शा और विक्रम चालकों की मनमानी और अवैध किराया वसूली पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को एक बड़ा औचक अभियान चलाया। जिलाधिकारी (डीएम) मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने एक अनोखा तरीका अपनाया। दोनों अधिकारी खुद आम यात्री बनकर वाहनों में बैठे और सफर के दौरान वसूली जा रही वास्तविक कीमत का स्टिंग किया। इस कार्रवाई से शहर भर के वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
105 चालान कटे, 25 वाहन मौके पर जब्त
इस सघन जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने यातायात नियमों की अनदेखी और मनमाना किराया वसूलने वालों पर चाबुक चलाते हुए कुल 105 वाहनों के चालान काटे, जबकि 25 वाहनों को सीज (जब्त) कर लिया गया है। इस अभियान में दोनों एआरटीओ के साथ परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल और विभाग का अन्य स्टाफ भी मुस्तैदी से मौजूद रहा।
50 के सफर के मांग रहे थे 300 रुपये
जांच के दौरान जब अधिकारी रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन के रूट पर निकले, तो वहां दो विक्रम चालक निर्धारित 50 रुपये किराये के बजाय यात्रियों से 300 रुपये मांगते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। अधिक किराया वसूलने के आरोप में टीम ने तुरंत दोनों विक्रम वाहनों को जब्त कर लिया और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावा, चेकिंग के दौरान एक ई-रिक्शा को भारी ओवरलोडिंग के आरोप में और दो अन्य ई-रिक्शा को बिना रजिस्ट्रेशन सड़क पर दौड़ते पाए जाने पर सीज किया गया है।
यात्रियों का शोषण बर्दाश्त नहीं: अधिकारी
कार्रवाई के बाद एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा ने कड़े शब्दों में कहा कि निर्धारित किराए से अधिक वसूली, ओवरलोडिंग और बिना पंजीकरण के वाहन चलाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार यात्रियों को शोषण से बचाने और परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए इस तरह की औचक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।
परिवहन विभाग की जनता से अपील
विभाग ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि कोई भी ऑटो या विक्रम चालक नियमों का उल्लंघन करता है या अधिक किराया मांगता है, तो यात्री उस वाहन का नंबर नोट कर लें और तुरंत परिवहन विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

More Stories
लक्सर में अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में था आरोपी, विशेष चेकिंग अभियान में लक्सर पुलिस को मिली बड़ी सफलता…
सीमेंट ढोने वाला निकला ‘चोर’: खुद का ई-रिक्शा खरीदने की नहीं थी हैसियत, तो चुरा लिया दूसरे का वाहन; रानीपुर पुलिस ने दबोचा,रिक्शा अपना चाहिए था, जेब में पैसे नहीं थे…’ लालच में बना चोर, सलेमपुर चौक पर रानीपुर पुलिस ने बिछाया जाल और पकड़ा गया दीपक…
नगर निगम मायापुर फायरिंग मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी कबीर को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी…