वाहन चोरों पर सिडकुल पुलिस का बड़ा प्रहार: 9 बाइकें व स्पेयर पार्ट्स बरामद, देवबंद व लक्सर का शातिर गैंगस्टर गिरफ्तार, थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट की अगुवाई में पुलिस टीम ने दबोचा शातिर…

तनवीर अली हरिद्वार।

वाहन चोरों पर सिडकुल पुलिस का बड़ा प्रहार: 9 बाइकें व स्पेयर पार्ट्स बरामद, देवबंद व लक्सर का शातिर गैंगस्टर गिरफ्तार,

थानाध्यक्ष अजय शाह और वरिष्ठ उप-निरीक्षक प्रवीण बिष्ट की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने सघन चेकिंग के दौरान किरवी चौक से दबोचा शातिर आरोपी,

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के स्पष्ट निर्देशों पर जनपद में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक शातिर गैंगस्टर को दबोचकर उसकी निशानदेही पर चोरी की 09 दोपहिया गाड़ियां और 01 बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।

मुठभेड़ जैसी स्थिति में दबोचा गया आरोपी

दिनांक 14 सितंबर को किरवी चौक पर पुलिस टीम द्वारा की जा रही संदिग्ध चेकिंग के दौरान पॉलिटेक्निक की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार को जब रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से उसकी बाइक फिसल गई और गिर पड़ी। पुलिस टीम ने बिना मौका गंवाए घेराबंदी कर संदिग्ध को तुरंत पकड़ लिया। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर पता चला कि उक्त बाइक थाना सिडकुल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 से संबंधित चोरी की गाड़ी है।

बंद पड़ी खाद फैक्टरी बनी थी गाड़ियां छिपाने का अड्डा

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने फरार साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र को अपना टारगेट बनाया हुआ था। चुराए गए वाहनों को छिपाने के लिए उन्होंने एक बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्टरी की झाड़ियों को ठिकाना बनाया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फैक्टरी परिसर से छिपाकर रखी गईं 08 अन्य मोटरसाइकिलें और एक बाइक के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए।

लक्सर और देवबंद थाने का गैंगस्टर है गिरफ्तार आरोपी

पकड़ा गया आरोपी श्रवण (30 वर्ष) पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर (थाना बहादराबाद, हरिद्वार) का रहने वाला है। आरोपी पर हरिद्वार के लक्सर, बहादराबाद, सिडकुल और देहरादून के डोईवाला सहित उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित देवबंद थाने में कुल 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लक्सर और देवबंद दोनों थानों से गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध रह चुका है।

​मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम:

  1. ​अजय शाह (थानाध्यक्ष)
  2. ​प्रवीण बिष्ट (वरिष्ठ उप-निरीक्षक)
  3. ​अनिल कुमार सैनी (अतिरिक्त उप-निरीक्षक)
  4. ​जितेन्द्र मलिक (हेड कांस्टेबल)
  5. ​संजय (हेड कांस्टेबल)
  6. ​सोहन राणा (हेड कांस्टेबल)
  7. ​प्रमोद गोस्वामी (कांस्टेबल)
  8. ​रिपेन्द्र कैन्तुरा (कांस्टेबल)
  9. ​आफताब मलिक (होमगार्ड)

You may have missed