मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का लिया जायजा; निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर…

तनवीर अली हरिद्वार।

मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का लिया जायजा; निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

हरिद्वार, 10 सितंबर 2026:

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए उत्तराखण्ड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में बैठकर मुख्य सचिव ने रोड़ी-बेलवाला से लेकर रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक पहुंचकर चल रहे कार्यों की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और गुणवत्ता का जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला से संबंधित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने कहा कि कार्यों में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर कर विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

​विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण और स्वीकृत धनराशि:

  • रोड़ी-बेलवाला एवं हरकी पैड़ी क्षेत्र: यूआईआईडीबी की प्रशासनिक मार्ग परियोजना (₹4325.14 लाख) तथा हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन कार्य (₹6677.21 लाख) का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजनाओं की 5 वर्ष की अनुबंध अवधि पूरी होने के बाद उनके स्थायी रख-रखाव की जिम्मेदारी अभी से तय की जाए।
  • घाटों का पुनरुद्धार: हाथीपुल से अलकनंदा के मध्य घाटों के सुधार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग व चेन लगाने के निर्देश दिए।
  • सड़क एवं चौराहों का सुधार: ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग और दूधाधारी चौक से ज्वालापुर तक आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण (₹2164.49 लाख) का जायजा लिया। साथ ही शिवमूर्ति, शंकर आश्रम और भगत सिंह चौक के सुधार कार्य (₹683.60 लाख) का निरीक्षण कर पैदल यात्रियों की सुविधा प्राथमिकता पर रखने को कहा।
  • स्वास्थ्य एवं पुल निर्माण: रोशनाबाद में निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस (₹251.98 लाख) तथा बैरागी क्षेत्र में 60 मीटर स्पान के पुल (₹1246.09 लाख) के निर्माण कार्य की समीक्षा की।
  • सीसीआर-2 भवन: मुख्य सचिव ने कुंभ मेला शुरू होने से पहले भवन तैयार करने के लिए दिन-रात कार्य चलाने के निर्देश दिए।

​डाम कोठी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

​निरीक्षण के बाद डाम कोठी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्य सचिव ने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच एजेंसियों (TUV SUD, Quality Austria, Bureau Veritas) के टीम लीडर्स से प्रगति की जानकारी ली और सख्त निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और यातायात डायवर्जन के लिए वैकल्पिक मार्गों की ठोस कार्ययोजना बनाने पर बल दिया।

​बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि सभी कार्य तय टाइमलाइन के अनुसार चल रहे हैं। कुंभ क्षेत्र के पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है और आईआईटी रुड़की से भी जांच का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की जांच केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) से भी कराई जाएगी।

​निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed