रोटरी क्लब रानीपुर के तत्वावधान में 23 नवंबर से लगेगा नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में 12 दिवसीय आयोजन, जर्मनी से पहुंचेगी इंटरप्लास्ट की 11 सदस्यीय टीम,15वां शिविर, 1200 से अधिक हो चुके है लाभान्वित,संपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क…

तनवीर अली हरिद्वार।

रोटरी क्लब रानीपुर के तत्वावधान में 23 नवंबर से लगेगा नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में 12 दिवसीय आयोजन, जर्मनी से पहुंचेगी इंटरप्लास्ट की 11 सदस्यीय टीम,15वां शिविर, 1200 से अधिक हो चुके है लाभान्वित,संपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क…

​हरिद्वार।

रोटरी क्लब रानीपुर द्वारा इंटरप्लास्ट जर्मनी और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल के संयुक्त सहयोग से 23 नवंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में 12 दिवसीय नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की रूपरेखा व तैयारियों को लेकर हुई बैठक में रोटरी क्लब रानीपुर की भूमिका और पूर्व अनुभवों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

​बैठक में बताया गया कि शिविर के लिए जर्मनी से इंटरप्लास्ट की 11 सदस्यीय चिकित्सा टीम हरिद्वार पहुंचेगी, जिसमें अनुभवी चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ शामिल रहेंगे। विदेशी विशेषज्ञ स्थानीय चिकित्सकों के समन्वय से मरीजों की जांच, उपचार और आवश्यक प्लास्टिक सर्जरी करेंगे।

​इन समस्याओं का होगा उपचार

शिविर में आग से जलने के बाद त्वचा और अंगों में आई विकृति व सिकुड़न, जन्मजात शारीरिक विकृतियां व दिव्यांगता, एसिड अटैक से प्रभावित मरीजों तथा शरीर पर मौजूद बाहरी ट्यूमर व गांठों सहित संबंधित प्लास्टिक सर्जरी का उपचार किया जाएगा।

संपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क

मरीजों को सर्जरी, दवाइयां, अस्पताल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन और पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल सहित सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क मिलेंगी। शिविर का संपूर्ण व्यय रोटरी क्लब रानीपुर और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा संयुक्त रूप से वहन किया जाएगा।

​पंजीकरण व हेल्पलाइन

मरीजों का पंजीकरण और ओपीडी 23 नवंबर को सुबह 9:00 बजे से होगी, जबकि चयनित मरीजों की सर्जरी 24 नवंबर की सुबह से प्रारंभ होगी। जानकारी व पंजीकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर 7417403484 जारी किया गया है।

15वां शिविर, 1200 से अधिक हो चुके लाभान्वित

बैठक में उल्लेख किया गया कि रोटरी क्लब रानीपुर वर्ष 2008 से हरिद्वार में ऐसे नि:शुल्क शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन कर रहा है और यह क्लब का 15वां शिविर है। पूर्व के 14 शिविरों में 1200 से अधिक जरूरतमंद मरीज नि:शुल्क सर्जरी का लाभ ले चुके हैं। रोटरी क्लब रानीपुर और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम ने अधिक से अधिक जरूरतमंदों व परिजनों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

You may have missed