तनवीर अली हरिद्वार।
अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार ने किया रोड़ीबेलवाला और गंगा घाटों का औचक निरीक्षण,निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश, गंगा घाटों पर तीन पालियों में सफाई और शौचालयों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश…
हरिद्वार:
अपर मेला अधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी हिदायत देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उच्च गुणवत्ता के मानक बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी ठेकेदार द्वारा कार्य में कोताही बरती जाती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेला प्रबंधन और हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग की दृष्टि से रोड़ीबेलवाला क्षेत्र बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी कार्य आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।
गंगा घाटों पर तीन पालियों में हो सफाई
नगर आयुक्त ने गंगा घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान सुनिश्चित किया जाए। सफाई का कार्य नियमित रूप से तीनों पालियों में संचालित हो तथा कचरा उठान की ऐसी प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए जिससे समयबद्ध तरीके से कूड़े का निस्तारण हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में तैनात पर्यावरण मित्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पर्यावरण मित्रों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
तीर्थयात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक
प्रशासन का प्रयास है कि देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु और तीर्थयात्री स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें। इसके लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने और उनके नियमित उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए, क्योंकि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
नंदन कुमार ने गंगा घाटों और आसपास के सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालयों में साफ-सफाई और पानी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला प्रबंधन, विकास कार्यों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की मॉनिटरिंग लगातार जारी रखी जाए, ताकि सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद बनी रहें।

More Stories
कुंभ मेला-2027: एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए बनी बहुस्तरीय रणनीति, आतंकवाद, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार करने पर दिया जोर…
परिवहन विभाग व डीएलएसए की सिडकुल और भेल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 15 वाहनों के चालान और दो स्कूल बसें सीज,बिना फिटनेस दौड़ रही स्कूली बसों पर कसा शिकंजा,स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर प्रशासन हुआ सख्त…
सिडकुल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, झाड़ियों में छिपाई गईं 6 स्प्लेंडर बाइकें बरामद, रानीपुर, सिडकुल और बहादराबाद में आतंक मचाने वाले दो वाहन चोर गिरफ्तार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में सिडकुल पुलिस को मिली सफलता…