लक्सर के साईं बाबा मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा: पुलिस ने तीन नशेड़ी चोर किए गिरफ्तार, चोरी हुई नकदी की बरामद…डिजिटल साक्ष्यों से मिली सफलता…

तनवीर अली हरिद्वार।

लक्सर के साईं बाबा मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा, तीन नशेड़ी आरोपी गिरफ्तार

​लक्सर (हरिद्वार)। कोतवाली पुलिस ने सोसायटी रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 4,850 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने मंदिर को निशाना बनाया था।

​यह था पूरा मामला

मंदिर समिति के अवनीश शर्मा ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि 10 नवंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने सोसायटी रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग 10 से 12 हजार रुपये चुरा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिरी से मिली सफलता

चोरी की इस घटना के शीघ्र अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आधुनिक डिजिटल साक्ष्यों (सीसीटीवी फुटेज आदि) तथा मैनुअल पुलिसिंग की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी।

​सघन चेकिंग अभियान के दौरान 14 नवंबर 2026 को पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

​गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते:

  • ​खेमचंद उर्फ खेमा (21 वर्ष) पुत्र देशराज, निवासी ढाढेकी, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार।
  • ​लोकेश (25 वर्ष) पुत्र कंवरपाल, निवासी ढाढेकी, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार।
  • ​कृष्णा उर्फ गोलू पुत्र जसवीर, निवासी ढाढेकी, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार।

​पुलिस ने आरोपियों के पास से 4,850 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

You may have missed