भेल के 62वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह, 131 प्रतिभावान कर्मचारियों को मिले एक्सेल पुरस्कार, भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने किया सम्मानित, 25 टीमों को प्रदान किए गए उत्कृष्टता पुरस्कार…

तनवीर अली हरिद्वार।

बीएचईएल के 62वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह, 131 प्रतिभावान कर्मचारियों को मिले एक्सेल पुरस्कार भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने किया सम्मानित, 25 टीमों को प्रदान किए गए उत्कृष्टता पुरस्कार।

हरिद्वार, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्रसेवा के 62 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अपना स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिभावान कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार निगार फातिमा हुसैन, संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति सहित निदेशक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि वर्ष 1964 में स्थापना के बाद से बीएचईएल ने इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का उल्लेखनीय सफर तय किया है। देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में बीएचईएल द्वारा निर्मित उपकरणों की आधे से अधिक हिस्सेदारी कंपनी की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कंपनी के कायाकल्प और गुणवत्ता एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं सचिव संदीप पौण्डरीक ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों की 25 टीमों के कुल 131 कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कारों में सर्वांगीण उत्कृष्टता, उत्कृष्ट तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान एवं विकास, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित किया गया। सचिव संदीप पौण्डरीक ने राष्ट्र निर्माण में बीएचईएल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक ग्राहकों के विश्वास को दर्शाती है, लेकिन इसके साथ समयबद्ध निष्पादन की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उन्होंने विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावसायिक रूप से उपयोगी अनुसंधान एवं विकास तथा प्रभावी ज्ञान हस्तांतरण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इससे पूर्व बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक के चलते कंपनी ने उत्साहजनक प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि बीएचईएल अपने मूल व्यवसाय के साथ विविधीकृत एवं सामरिक क्षेत्रों में भी लगातार अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों को कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि एक्सेल पुरस्कार उन कार्मिकों के उत्कृष्ट योगदान का सम्मान हैं, जिन्होंने लागत और कार्यचक्र में कमी लाने, सामग्री की बचत करने तथा गुणवत्ता में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुरस्कार विजेताओं की उपलब्धियां अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्टता और नवाचार की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगी। कार्यक्रम के दौरान बीएचईएल के कर्मचारियों एवं उनके बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में कंपनी की उपलब्धियों, कर्मचारियों के समर्पण और राष्ट्र निर्माण में बीएचईएल की भूमिका को रेखांकित किया गया।

You may have missed