जिला जज नरेंद्र दत्त के नेतृत्व में बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने रुड़की उप कारागार का किया औचक निरीक्षण, डीएम और एसएसपी रहे मौजूद, बैरकों, भोजनालय और चिकित्सालय का गहन अवलोकन, कौशल विकास और सुरक्षा पर जोर, स्वच्छता की सराहना और त्वरित निस्तारण के निर्देश…

तनवीर अली हरिद्वार।

जिला जज नरेंद्र दत्त के नेतृत्व में बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने रुड़की उप कारागार का किया औचक निरीक्षण, डीएम और एसएसपी रहे मौजूद, बैरकों, भोजनालय और चिकित्सालय का गहन अवलोकन,कौशल विकास और सुरक्षा पर जोर, स्वच्छता की सराहना और त्वरित निस्तारण के निर्देश…

माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त के नेतृत्व में रुड़की उप कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन और न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

​निरीक्षण दल में जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भुल्लर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति बाला और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैरकों, भोजनालय और चिकित्सालय का गहन अवलोकन

​अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण कर बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय और कार्यशालाओं की गहनता से जांच की। जनपद न्यायाधीश ने व्यक्तिगत रूप से बंदियों से बातचीत की और उनकी विधिक व अन्य समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने जेल प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बंदियों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करने के कड़े निर्देश दिए।

स्वच्छता की सराहना और त्वरित निस्तारण के निर्देश

​निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता तथा बंदियों के रख-रखाव की व्यवस्था की सराहना की गई। जनपद न्यायाधीश ने सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को बंदियों की विधिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु नियमानुसार विधिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही, जेल अधीक्षक डी पी सिन्हा को बंदियों की शिकायतों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का तुरंत प्रभावी समाधान करने को कहा गया।

कौशल विकास और सुरक्षा पर जोर

​अंत में, जेल में चलाए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए इस पर और अधिक बल देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल मैनुअल के नियमों का विधिवत पालन करने और बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी। साथ ही, बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सभी सदस्यों से बंदियों के संपूर्ण विकास में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

You may have missed