कुंभ मेला-2027: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक्शन मोड में मेला प्रशासन, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया बहादराबाद और ज्वालापुर में निर्माणाधीन घाटों का औचक स्थलीय निरीक्षण; गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश,गंगनहर बंदी के दौरान युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश,

तनवीर अली हरिद्वार।

कुंभ मेला-2027: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक्शन मोड में मेला प्रशासन, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया बहादराबाद और ज्वालापुर में निर्माणाधीन घाटों का औचक स्थलीय निरीक्षण; गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश,गंगनहर बंदी के दौरान युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश, जटवाड़ा पुल और दुर्गा मंदिर के समीप बन रहे 300 व 30 मीटर लंबे घाटों से श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत…

​हरिद्वार, 03 नवंबर 2026

कुंभ मेला-2027 के भव्य और सुगम आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गंगा घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसी श्रृंखला में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने मंगलवार को बहादराबाद एवं ज्वालापुर क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन घाटों की प्रगति का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में लगी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन करते हुए पूरे किए जाएं।

अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगनहर बंदी की अवधि का पूरा लाभ उठाते हुए जलमग्न रहने वाले हिस्सों का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कार्यों की पारदर्शिता और मजबूती सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी के साथ-साथ समय-समय पर ‘थर्ड पार्टी जांच’ कराने के भी आदेश दिए।

​निर्माणाधीन घाटों का विवरण:

  • ​बहादराबाद क्षेत्र: बैरियर संख्या 6 के निकट लगभग 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट का निर्माण तेजी से चल रहा है।
  • ​ज्वालापुर (जटवाड़ा पुल): पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर लंबा भव्य घाट बनाया जा रहा है।
  • ​दुर्गा मंदिर के समीप: क्षेत्रवासियों की सहूलियत के लिए 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

​इन सभी घाटों के बन जाने से न केवल स्थानीय नागरिकों को दैनिक स्नान में सुविधा होगी, बल्कि पर्वों, छठ पूजा और कुंभ मेला के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आधुनिक व्यवस्था मिल सकेगी।

​स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति ने जताया आभार

​निरीक्षण के दौरान ज्वालापुर के स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार व मेला प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घाट निर्माण लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसे पूरा कर सरकार ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी है।

​इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री अनुभव नौटियाल समेत कई तकनीकी अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed